
मृतक छात्र केदारराम (फोटो सोशल मीडिया)
Barmer News: बाड़मेर शहर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक युवक द्वारा मानसिक तनाव के चलते किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र हाल ही में आयोजित हुई एलडीसी (LDC) परीक्षा के परिणाम को लेकर अत्यधिक चिंतित था।
यह दुखद घटना रीको थाना क्षेत्र की रामदेव कॉलोनी (तिलक नगर) में सोमवार देर रात घटी। रीको थानाधिकारी चैनप्रकाश के अनुसार, मृतक की पहचान केदारराम (23) पुत्र जानाराम के रूप में हुई है, जो जैसलमेर जिले के सांगड़ थाना क्षेत्र के कपूरिया का निवासी था। केदारराम बाड़मेर में अपने चचेरे भाई जसवंत और अन्य साथियों के साथ किराए पर कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
सोमवार रात सभी साथियों ने साथ में भोजन किया और छत पर सोने चले गए। मंगलवार सुबह जब चचेरा भाई जसवंत नीचे आया, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने और मोबाइल पर कॉल करने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर केदारराम पंखे के हुक से फंदे पर लटका हुआ मिला।
परिजनों ने जानकारी दी कि केदारराम ने 5 जुलाई को एलडीसी भर्ती परीक्षा दी थी और वह इसके परिणाम को लेकर काफी समय से तनाव में चल रहा था। इसके साथ ही वह ग्राम विकास अधिकारी (VDO) भर्ती परीक्षा की तैयारी भी कर रहा था। परिजनों के अनुसार, 28 जुलाई को उसके चचेरे भतीजे की शादी तय थी और सोमवार को ही वह रिश्तेदारों के साथ शादी की खरीदारी में शामिल हुआ था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। परिजनों के पहुंचने के बाद पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाते हुए शव को फंदे से नीचे उतारा गया और जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही और स्पष्ट कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
Updated on:
22 Jul 2026 05:05 pm
Published on:
22 Jul 2026 05:05 pm
