
ब्लड बैंक को नहीं मिला लाइसेंस, स्टोरेज पर भी लटक रही तलवार, मरीजों को कैसे मिलेगा रक्त
बालोतरा.
नगर के राजकीय नाहटा चिकित्सालय में बने ब्लड बैंक भवन का नाको टीम ने डेढ़- दो माह पूर्व निरीक्षण किया, लेकिन आज दिन तक संचालन के लिए लाइसेंस जारी नहीं किया। इस पर तीन वर्ष से अधिक समय से चिकित्सालय में संचालित हो रहा ब्लड स्टोरेज का कार्य इस माह के अंत में खटाई में पड़ सकता है। इससे शहर व क्षेत्र के मरीजों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ सकती है।
नगर के राजकीय नाहटा चिकित्सालय में दशकों से संचालित हो रहे ब्लड बैंक भवन मापदण्ड अनुसार नहीं बने होने पर नाको के आदेश पर चिकित्सालय प्रशासन ने जून वर्ष2015 में इसका संचालन बंद किया था। वहीं नाको के आदेश पर ब्लड स्टोरेज का संचालन शुरू किया था। तब से आज दिन तक चिकित्सालय में ब्लड स्टोरेज का संचालन हो रहा है। इस दौरान ब्लड बैंक बनने पर पहली बार नाको टीम ने निरीक्षण में कुछ कमियां पाई, जिसके बाद सुधार किया गया। नाको टीम ने 23 मई को दुबारा निरीक्षण किया। भवन व इसकी सुविधाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया। लेकिन आज दिन तक नाको ने लाइसेंस जारी नहीं किया है। चिकित्सालय प्रशासन बालोतरा, उम्मेद चिकित्सालय जोधपुर ब्लड बैंक के उपलब्ध करवाए रक्त को मरीजों को जरूरत के हिसाब से उपलब्ध करवाता है।
ब्लड स्टोरेज संचालन पर लटकी तलवार- नाको ने राजकीय नाहटा चिकित्सालय में ब्लड स्टोरेज संचालन को लेकर को लेकर लाइसेंस जारी किया था। संचालन की अंतिम तिथि 30 जून 2019 है। इसके पूरा होने में 20 दिन का समय शेष है। लेकिन नाको ने न तो ब्लड बैंक भवन संचालन के लिए लाइसेंस जारी किया है ओर न ही ब्लड स्टोरेज संचालन की अवधि बढ़ाई है।
भारी पड़ रही अनदेखी, नगर में जिला स्तरीय 150 बैड का सरकारी चिकित्सालय है। एक दर्जन से अधिक निजी चिकित्सालय है। क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में सरकारी व निजी चिकित्सालय है। इस पर दुघर्टना, ऑपरेशन आदि कार्यों में रक्त की जरूरत रहती है। इस पर बल्ड स्टोरेज में जरूरत का रक्त उपलब्ध नहीं होने से मरीजों, परिजनों को अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।
स्मरण पत्र भेजा- नाको टीम को स्मरण पत्र भेजकर लाइसेंस जारी करने की मांग की है। उम्मीद है शीघ्र ही लाइसेंस जारी होगा। ब्लड स्टोरेज संचालन की अवधि बढ़ाने को पत्र भेजा है।
डॉ. बलराजसिंह पंवार मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजकीय नाहटा चिकित्सालय
Published on:
12 Jun 2019 01:03 am
