
File Photo
Barmer News: राजस्थान के बाड़मेर में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के जवान ने अपनी राइफल से गोली मारकर सुसाइड कर लिया। जवान ने सुबह ड्यूटी पर जाने से पहले यह खौफनाक कदम उठाया। बीएसएफ जवान भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर तैनात था। गोली लगने के बाद जवान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मृतक जवान की पहचान नीमकाथाना निवासी शंकरलाल गुर्जर (52) के रूप में हुई है। जवान बीएसएफ की 83वीं बटालियन में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात था। शुक्रवार सुबह सात बजे जवान ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन जवान ने अपनी राइफल से ठोड़ी के नीचे गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना बाड़मेर जिले के बाखासर जाटों का बेरा चैक पोस्ट की है।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद चौहटन डीएसपी और बाखासर थानाधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। हालांकि अभी तक आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस मामले की सूचना जवान के परिजनों को दे दी गई है।
Updated on:
29 Nov 2024, 2:35 PM IST
Published on:
29 Nov 2024, 2:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.