
Broken cables in drain cleaning, over 500 phones blocked
केबल के ऊपर बना है नाला, गंदे पानी के कारण केबल जोडऩा हुआ मुश्किल
बाड़मेर.बीएसएनएल की ग्राउंड केबल के ऊपर बना नाला टेलीफोन उपभोक्ताओं के लिए परेशानी बन गया है। कलक्टर आवास के सामने शुक्रवार को नाले की सफाई के दौरान केबल क्षतिग्रस्त होने से करीब 500 से अधिक उपभोक्ताओं के बेसिक फोन ठप हो गए हैं। इसमें कलक्ट्रेट सहित आवश्यक सेवाओं के फोन बंद हो गए हैं।
नगर परिषद कार्मिक शुक्रवार को यहां नाले की जेसीबी से सफाई करवा रहे थे। इस दौरान केबल क्षतिग्रस्त हो गई। ऐसे में कलक्ट्रेट परिसर सहित अधिकारी आवास, मौसम नियंत्रण कक्ष सहित 500 से अधिक उपभोक्ताओं के बेसिक कनेक्शन डेड हो गए।
केबल जोडऩा हो गया मुश्किल
नाले में गंदा पानी बह रहा है। लगातार बहते पानी के बीच केबल को जोडऩा कार्मिकों के लिए चुनौती बन गया है। बीएसएनएल कार्मिकों ने यहां मशीन से जांच कर फाल्ट तो ढूंढ लिया। लेकिन गंदे पानी के रुकने पर ही केबल जोडऩा संभव हो पाएगा।
और इधर...
दूल्हा पहुंचा परीक्षा देने
बाड़मेर. शादी के तुरंत बाद एक दूल्हा शुक्रवार को यहां पीजी कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचा। ससुराल से सीधे सजी-धजी गाड़ी के साथ परीक्षा देने आए दूल्हे को हर कोई देखता ही रह गया।
जानकारी के अनुसार गोविंद गोदारा की बारात रामसर कुआं से खारिया तला भाडखा गई थी। शादी सम्पन्न होने के तुरंत बाद शुक्रवार दोपहर को दूल्हा बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा देने पीजी कॉलेज पहुंचा। दूल्हे के परिजन ने बताया कि अभी कुछ रस्में बाकी हैं इसलिए परीक्षा के बाद सीधे ही खारिया तला भाडखा जाएंगे।
पंचायत सहायकों की बैठक 23 को
बाड़मेर. राजस्थान पंचायत सहायक संघ की बैठक 23 जुलाई को दोपहर 12 बजे महावीर पार्क में प्रदेशाध्यक्ष सांवलसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में होगी। जिला प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान पंचायत सहायकों के स्थायीकरण, वंचित विद्यार्थी मित्रों को रोजगार देने, विद्यालय सहायक भर्ती प्रारम्भ करवाने सहित कई मांगों को लेकर जिला कलक्टर के मार्फत मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में संघ की आगामी रणनीति व कार्यकारिणी को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा।
Published on:
21 Jul 2018 01:13 pm
