प्रदेश सरकार ने पंचायतीराज व्यवस्था का पुनर्गठन करते हुए प्रदेश व जिले में बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतें व पंचायत समितियां बनाई। इसके तहत समदड़ी में पंचायत समिति कार्यालय स्वीकृत करने पर कस्बे व क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने क्षेत्र के विकास के साथ अच्छी सुविधाओं का सपना संजोया। समदड़ी में फरवरी 2015 में पंचायत समिति मुख्यालय बना, लेकिन सरकार व जिला प्रशासन की अनदेखी पर पंचायत समिति भवन का निर्माण आज भी सपना बनकर रह गया है। भवन अभाव में समदड़ी के पुराने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पंचायत समिति कार्यालय संचालित हो रहा है। इस पर पुराने व खंडहर हाल में भवन अभाव में पंचायत समिति में जो सुविधाएं मिलनी चाहिए,उसके नहीं मिलने पर अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों को हर दिन परेशानी उठानी पड़ती है।
धूल फ ांक रहा है बजट - डेढ़ साल पूर्व राज्य सरकार ने डेढ़ करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया, लेकिन भूमि के अभाव में बजट खर्च करना संभव नहीं है। भूमि आवंटन के लिए कई बार प्रस्ताव भी भेजे गए, लेकिन अभी तक भूमि का आवंटन नहीं किया गया। समदड़ी में सरकारी भूमि का अभाव होने से भूमि आवंटन में परेशानी आ रही है । नि.स.