
Constable arrested for taking bribe of 7 thousand rupees
7 हजार रुपए रिश्वत लेते कांस्टेबल गिरफ्तार
-नागाणा थाने में कार्यरत है कांस्टेबल-10 हजार मांगे थे, 7 हजार लेते एसीबी ने पकड़ा
बाड़मेर पत्रिका. जिले के नागाण थाना के कांस्टेबल धर्मपाल को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते सोमवार शाम रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कांस्टेबल ने मोबाइल गुमशुदगी मामले को रफा-दफा करने की एवज में 10 हजार रुपए मांगे थे।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपालसिंह भाटी के अनुसार बाड़मेर के नेहरू नगर निवासी रामलाल पुत्र टीमाराम केयर्न कंपनी में टैक्सी चलाता है, इसमें आने-जाने वाले एक इंजीनियर का मोबाइल गुम हो गया। इस संबंध में थाने में इंजीनियर ने गुमशुदगी दर्ज करवाई। चालक ने टैक्सी की सफाई की तो मोबाइल सीट के बीच फंसा मिलने पर थाने में लौटा दिया। इस बीच कांस्टेबल ने टैक्सी चालक से अवैध वसूली की योजना बनाते हुए उसे मोबाइल गुमशुदगी के मामले में फंसाने की धमकी दी और मामला रफा-दफा करने के लिए 10 हजार रुपए मांगे। टैक्सी चालक ने सात हजार देने की बात कही। इस पर कांस्टेबल मान गया। इस बीच पीडि़त ने एसीबी अधिकारियों से शिकायत की। टीम ने पुष्टि करने के बाद परिवादी के जरिए कांस्टेबल को कवास से पहले जीरो पाइंट स्थित एक होटल पर बुलाया। वहां से कांस्टेबल रिश्वत राशि लेकर बाइक से होकर रवाना हुआ। एसीबी ने पीछा करते हुए आरोपी कांस्टेबल धर्मपालसिंह पुत्र हरलालसिंह निवासी बलारा, सीकर हाल पुलिस थाना नागाणा को गिरफ्तार कर रिश्वत राशि बरामद की। कार्रवाई में एएसपी गोपालसिंह, हैड कांस्टेबल प्रभुराम, कांस्टेबल बांकाराम, अनूपसिंह भाटी, मिश्रीमल, सुराज, रमझाराम, चम्पालाल सहित दो स्वतंत्र गवाह शामिल रहे।
रिश्वत राशि फेंकी, भागने का प्रयास
होटल पर रिश्वत की राशि लेकर कांस्टेबल के बाइक से रवाना होते ही जाल बिछाकर बैठी एसीबी की टीम ने पीछा किया। इस पर कांस्टेबल ने रिश्वत राशि सड़क पर फेंक दी और पैदल ही भागने लगा। टीम सदस्यों ने उसे दबोच लिया।
Updated on:
13 May 2019 09:50 pm
Published on:
13 May 2019 09:26 pm
