
Discom damage in havy rain
बाड़मेर. शहर सहित जिले भर में तीन दिन लगातार अंधड़ से डिस्कॉम के बिजली ढांचे की सूरत बिगाड़ दी। जिले में 1124 विद्युत पोल टूट गए। इस कारण सैकड़ों गांव-ढाणियां अंधेरे में डूब गए। डिस्कॉम का दावा है कि सोमवार देर रात 90 प्रतिशत बिजली सुचारू कर दी जाएगी। इसके बावजूद दर्जनों गांवों में बिजली कब बहाल होगी, इसका किसी को पता नहीं है।
डिस्कॉम को सबसे ज्यादा नुकसान रविवार को हुआ। अंधड़ के कारण जिले में एक दिन में 565 विद्युत पोल टूट कर गिरे। गुड़ामालानी में 160, बाड़मेर 243, सिवाना 116, बालोतरा में 40 पोल टूट गए। साथ ही 50 बड़े ट्रांसफार्मर जल गए। डिस्कॉम की टीमों ने टूटे विद्युत पोल बदलकर आपूर्ति को सुचारू किया है। जिले में सोमवार शाम तक 90 फीडर की विद्युत आपूर्ति चालू नहीं हो पाई। डिस्कॉम ने दावा किया है कि 30 फीडर को छोड़ कर अन्य की विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
बड़ी लाइनें भी क्षतिग्रस्त
अंधड़ के कारण छोटी लाइनों के साथ बड़ी 132 केवी की लाइनें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। इससे कई गांवों की विद्युत सप्लाई एक साथ प्रभावित हुई। पाटोदी क्षेत्र में बड़ा ट्रांसफार्मर जल गया। इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति समय पर शुरू नहीं हो पाई। वहीं कई जगह पेड़ गिरने से लाइनें टूट गई।
कार्मिकों के सामने यह बड़ी समस्या
जिले के कई क्षेत्रों में शुक्रवार शाम को अंधड़ आने से बिजली व्यवस्था पटरी से उतरी। पहले दिन लाइनों को ठीक किया तो दूसरे दिन फिर अंधड़ आ गया। उसे ठीक किया तो तीसरे दिन रविवार को 30-40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आए तूफान ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह बेपटरी कर दिया। तीन दिन से लगातार काम कर रहे कार्मिक तूफान की आशंका को लेकर फिर चिंतित हैं।
दिनभर बिजली ने किया परेशान
शहर सहित गांवों में जहां अंधड़ के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई, वहां दूसरे दिन भी बिजली की आवाजाही चलती रही। कई गांव तो पिछले तीन दिन से अंधेरे में ही हैं। वहीं शहर में भी सोमवार को बिजली कई बार गुल हुई। औद्योगिक क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ। यहां सुबह से दोपहर तक बिजली की बार-बार ट्रिपिंग होती रही। वहीं शहरी क्षेत्र में आने-जाने का क्रम लगातार चलता रहा।
- जल्द कर देंगे सुचारू
अंधड़ से डिस्कॉम को करीब 50 लाख का नुकसान हुआ है। तीन दिन में 1124 विद्युत पोल टूट गए थे। उन्हें बदल कर विद्युत आपूर्ति को सुचारू कर दिया है। डिस्कॉम की 30-40 टीमें आपात स्थिति से निपटने के लिए काम कर रही हैं, जल्द ही बिजली व्यवस्था को सुचारू कर दिया जाएगा।- मांगीलाल जाट, अधीक्षण अभियंता, डिस्कॉम, बाड़मेर
Published on:
14 May 2019 01:59 pm
