बाड़मेर-बालोतरा जिले के सरकारी विद्यालयों में भवन निर्माण हो या फिर मरम्मत कार्य, चार माह से अटके हुए हैं। क्योंकि समसा के तहत बजट आवंटित नहीं हो रहा है। इन कार्यों के लिए नौ करोड़ की जरूरत है। बजट मिले तो 118 कार्य पूर्ण हो सकेंगे। बजट के अभाव में अब ठेकेदारों ने हाथ खींच लिए हैं जिस पर कहीं छत अधूरी है तो कहीं दीवारों का काम रूका हुआ है। राज्य सरकार प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में नए भवन निर्माण व पुराने भवनों की मरम्मत के लिए समग्र शिक्षा अभियान समसा के तहत बजट जारी करती है। जिले में वर्तमान में 118 विद्यालयों में नए भवन का निर्माण या मरम्मत कार्य चल रहा है। मार्च तक उक्त कार्य पूर्ण होने थे लेकिन इस बीच बजट अटक गया जिस पर उक्त कार्य अभी अधूरे हैं। गौरतलब है कि चार माह से बजट नहीं मिलने पर समसा में निर्माण कार्य का कई माह से ठेकेदारो को भुगतान नही हुआ है।