6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

यहां तो मिट गया सड़क का नामोनिशां, लोग परेशान, जिम्मेदार बेपरवाह

- लंबे समय से मांग के बावजूद नहीं करवाई जा रही मरम्मत
2 min read
Google source verification
यहां तो मिट गया सड़क का नामोनिशां, लोग परेशान, जिम्मेदार बेपरवाह

यहां तो मिट गया सड़क का नामोनिशां, लोग परेशान, जिम्मेदार बेपरवाह


बालोतरा. पाटोदी-कुंपलिया खस्ताहाल सड़क का डामरीकरण कर एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को आवागमन की अच्छी सुविधा उपलब्ध करवाई जा सकती है। एक वर्ष से अधिक समय से बेहद क्षतिग्रस्त सड़क से परेशान क्षेत्र के ग्रामीण जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों को मौखिक व लिखित में समस्या से अवगत करवाते-करवाते थक हार चुके हैं, लेकिन सिवाए आश्वासन के कुछ भी नहीं हो रहा।

पंचायत समिति पाटोदी के प्रमुख सड़कों में से पाटोदी-कुंपलिया सड़क एक है। यह सड़क पंचायत समिति व उप तहसील पाटोदी से जुड़ी होने पर कामकाज को लेकर हर दिन हजारों जने इससे आवागमन करते हैं। 22 किलोमीटर दूरी की यह सड़क पिछले कुछ वर्षों से क्षतिग्रस्त है। इस सड़क से वाहनों की अधिक आवाजाही, सड़क निर्माण बाद एक बार भी इसकी अच्छी मरम्मत नहीं करने, व अतिवृष्टि से सड़क क्षतिग्रस्त होने से अब चलने लायक नहीं बची है। एेसे में हर दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण परेशानी उठाते हैं।
आधी सड़क खस्ताहाल, हो रही परेशानी - पाटोदी-कुंपलिया 22 किलोमीटर सड़क में से 8 किलोमीटर सड़क सही है। शेष दूरी का भाग पूरा उखड़ गया है। इसके बड़े-बड़े हुए गड्ढे,निकली व बिखरी कंक्रीट, क्षतिग्रस्त पटरियोंं पर आवागमन में वाहन चालकों को अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। सिंगल सड़क पर जब दो वाहन आमने-सामने होते हैं, तब हर समय हादसा होने की संभावना रहती है। कई हादसों में लोग चोटिल, घायल होते हैं। सड़क से कालेवा, लापून्दड़ा, नवातला, कंवरली, रूपजी राजा बेरी, सूरजबेरा, परेऊ सहित अन्य कई ग्राम पंचायतें व इसके गांव जुड़े हुए हैं। सड़क की मरम्मत करवा आवागमन में अच्छी सुविधा उपलब्ध करवाई जा सकती है, लेकिन जनप्रतिनिधि व अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं।

सड़क जर्जर होने से आ रही दिक्कत - पाटोदी-कुंपलिया मुख्य सड़क है। एक दर्जन से अधिक गांव इससे जुड़े होने पर हर दिन हजारों जने आवागमन करते हैं। आधा से अधिक मार्ग क्षतिग्रस्त होने पर बड़ी परेशानियां उठानी पड़ती है। विभाग शीघ्र इसकी मरम्मत करवाएं। - दौलतराम गोदारा, कुंपलिया
वाहन चलाना तो दूर पैदल गुजरना भी मुश्किल- पाटोदी-कुंपलिया सड़क बेहद खस्ताहाल होने पर इससे वाहन लेकर गुजरना तो दूर अब यह पैदल चलने लायक नहीं बची है। आमने-सामने वाहन गुजरने पर हादसे होते हैं। जनप्रतिनिधि, अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। इस पर किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। - हेमाराम चौधरी, चिमानियों की ढाणी