
रेस्टोरेंट में देर रात लगी आग, तीन घंटे बाद पाया काबू
बालोतरा.
नगर के खेड़ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में शुक्रवार देर रात तीन बजे शॉर्टसर्किट से आग लग गई। इससे रेस्टोरेंट के ऊपरी मंजिल का सामान जलकर राख हो गया। इस घटना से करीब 70 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
रेस्टोरेंट संचालक नितीन नाहटा, गौतमचंद ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 3 बजे लोगों ने आग लगने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने नगर परिषद, सीईटीपी बालोतरा की दमकलों को इसकी सूचना दी और घर से रेस्टोरेंट पहुंचे। करीब 20 मिनट बाद यहां पहुंची चार दमकलों ने आग बुझाने का प्रयास किया। आग रेस्टोरेंट के ऊपरी मंजिल में लगी होने पर करीब ढाई-तीन घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान रेस्टोरेंट की ऊपरी मंजिल पूरी तरह जल कर राख हो गई। वहीं इसके नीचे की मंजिल में भी आग लगने से नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि आग से करीब 70 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। संचालक के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। घटना के दौरान होटल में कोई नहीं था।
बैंक शाखा बची, बड़ा नुकसान टला - रेस्टोरेंट जिस भवन में संचालित हो रहा है। उसकी निचली मंजिल में बैंक संचालित हो रहा है। ऊपरी मंजिल में आग लगने व दमकलों के समय पर पहुंच आग बुझाने का कार्य करने पर आग नीचे तक नहीं पहुंची। अन्यथा बैंक में जमा रुपया, गहना, महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित कीमती सामान सबकुछ जलकर राख हो जाता। इससे बैंक को बड़ा नुकसान हो सकता था।
बीपीएल के घर में आग, बेटे की शादी के लिए जितना जोड़ा सब जल गया
जिला प्रशासन व भामाशाहों से मदद की दरकार
बाड़मेर पत्रिका
शहर के मोहनजी का क्रेशर स्थित मेगवालों के वास में रहने वाले बीपीएल परिवार के झोंपों में आग लगने से शादी की खुशिया गम में बदल गई। पीडित डूंगराराम मेगवाल के बेटे मोहनलाल की शादी अक्षय तृतीया को होने वाली है। ऐसे में ठेला चलाकर मजदूरी करने वाले पिता ने कुछ अपने हिस्से की राशि एकत्रित की तो कुछ रिश्तेदारों से उधार लेकर शादी का सामान खरीदना प्रारम्भ किया। 9 अप्रेल की शाम के समय झोंपों में लाग लग गई। परिवार के सदस्यों के चिल्लाने पर आसपास के लोगों व दमकल ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया। आग बुझने तक घर में रखा सामान, नकदी, खाने पीने की वस्तुएं व शादी के लिए लाए गहने भी जल गए।
Published on:
13 Apr 2019 09:30 pm
