
Jodhpur-Jaisalmer and Ahmedabad route will connect 280 crore
280 करोड़ से बनेगा 21 किमी बाइपास, जोधपुर-जैसलमेर और अहमदाबाद मार्ग को जोड़ेगा
- केन्द्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद होगा काम शुरू, अब आचार संहिता लग जाने से करना होगा इंतजार
- दो साल से चल रही थी प्रक्रिया, केन्द्र सरकार ने आचार संहिता लगने से पहले मांगा था प्लान
बाड़मेर पत्रिका
शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार और राजमार्ग पर भारी वाहनों के दबाव से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। चार हाइवे को जोडऩे के लिए जल्द ही बाइपास का निर्माण होगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग(एनएच) खंड ने आचार संहिता लगने से पहले बाइपास निर्माण को लेकर प्रोजेक्ट तैयार कर केन्द्र सरकार को भेज दिया। इसमें 21 किमी के प्रस्तावित बाइपास के लिए 280 करोड़ लागत आंकी गई है। केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद इसका कार्य शुरू होगा।
जैसलमरे-बाड़मेर-सांचौर राष्ट्रीय राजमार्ग 68 वर्तमान में शहर के भीतर से निकल रहा है। ऐसे में शहर में भारी वाहनों के कारण अत्यधिक यातायात दबाव रहता है। बाइपास बनने से राष्ट्रीय राजमार्ग यू-टर्न लेते हुए दो हाइवे को जोड़कर जालीपा तक पहुंच जाएगा। बाइपास निर्माण होने से जालीपा, बाड़मेर मगरा, लालाणियों की ढाणी, महाबार पीथल, सांसियों का तला सहित अन्य गांवों से जुड़ेगा। इससे गांवों में विकास की संभावनाएं बढ़ जाएगी। वहीं शहर में ज्यादा वाहनों की भीड़ नहीं रहेगी। इससे हादसों में भी कमी आएगी।
यों रहेगी सुगमता
शहर में यातायात का दबाव कम हो जाएगा। गुजरात से जोधपुर व जैसलमेर आने-जाने वाले वाहनों को शहर के भीतर आने की जरूरत नहीं होगी, बाइपास से ही निकल जाएंगे। साथ ही शहीद सर्कल पर भी वाहनों का दबाव कम होगा।
यूं लेगा यू-टर्न
जैसलमेर रोड स्थित जालीपा रोड से क्रॉस करता हुआ यह बाइपास उत्तरलाई रोड पर आकर जोधपुर रोड को क्रॉस करेगा। उसके बाद बाड़मेर आगोर होते हुए जालोर हाइवे क्रॉस करता हुआ शहर से एक किमी दूर बाड़मेर-अहमदाबाद हाइवे से जुड़ेगा। इसकी लम्बाई करीब 21 किमी होगी।
फैक्ट फाइल
- 280 करोड़ रुपए आएगी लागत
- 21 किमी होगी बाइपास की लंबाई
- 4 मुख्य मार्गों को जोड़ेगा बाइपास
- करीब 100 करोड़ खर्च होंगे भूमि अवाप्ति पर
- भेजा गया है प्लान
यह प्रोजेक्ट लंबे समय से प्रस्तावित है। केन्द्र सरकार ने प्लान मांगा था। इसमें 280 करोड़ खर्च होने हैं। स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू होगा। अभी तो आचार संहिता लगी हुई है। उसके बाद ही कुछ होगा।
- रमेशकुमार, सहायक अभियंता, एनएच खंड, सार्वजनिक निर्माण विभाग, बाड़मेर
Published on:
02 Apr 2019 09:49 am
