
अब शिक्षकों के बनेंगे विभागीय पहचान पत्र, सात दिन चलेगा अभियान
-
बाड़मेर. बैठक हो या सेमिनार, ऑफिस हो या स्कूल हर जगह शिक्षकों को अपनी पहचान को लेकर परेशानी होती है, क्योंकि विभागीय स्तर पर उनके पहचान पत्र नहीं बने हुए हैं। एेसे में मौखिक रूप से ही उन्हें बताना पड़ता है कि वे शिक्षक हैं। छोटी- मोटी बैठक या सेमिनार में तो चल जाता है, लेकिन जहां सैकड़ों की तादाद में कार्मिक होते हैं, वहां पग-पग पर पहचान पत्र को लेकर परेशानी होती है। एेसे में अब शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के पहचान पत्र बनाने का निर्णय किया है। आगामी सात दिन में अभियान चला 2013 के बाद लगे शिक्षकों के विभाग पहचान पत्र बनाएगा।
विभागीय दायित्वों को निर्वहन करते वक्त विभाग में पदीय पहचान को व्यक्त करने की आवश्यकता होती है। एेसे में हर कार्मिक के पास अपना विभागीय पहचान पत्र होना आवश्यक है। इसकी सहायता से वह किसी बैठक, सेमिनार या किसी विशेष परिस्थिति में वह अपनी पहचान आसानी से बता सकता है। एेसे में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने शिक्षकों व कार्मिकों के पहचान पत्र बनाने का निर्णय करते हुए जिला शिक्षा अधिकारियों को सात दिन में कार्य पूर्ण करने को कहा है।
यह निर्देश- निदेशालय ने निर्देश जारी कर बताया कि दिसम्बर 2013 के बाद नियुक्त शिक्षकों व कार्मिकों के लिए यह अभियान चलेगा। इसमें तृतीय श्रेणी शिक्षकों के परिचय पत्र जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिक्षा एवं वरिष्ठ शिक्षक, व्याख्याताओं आदि के परिचय पत्र जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक के मार्फत बनेंगे। परिचय पत्र में कार्मिक की जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि, पद, कार्मिक आईडी नम्बर आदि की सूचना अंकित होगी।
सेवानिवृत्ति पर जमा होगा परिचय पत्र- परिचय पत्र बनने के बाद कार्मिक को डयूटी के दौरान इसे अपने साथ रखना होगा। सेवानिवृत्ति, मृत्यु आदि परिस्थिति में विभाग के पास परिचय पत्र जमा होगा। खोने अथवा नष्ट होने की स्थिति में दुबारा बनेगा।
पूर्व में बने हैं परिचय पत्र- गौरतलब है कि 2013 से पहले लगे शिक्षकों के परिचय पत्र बने हुए हैं। नए शिक्षकों के परिचय पत्र नहीं होने पर विभाग यह कवायद शुरू कर रहा है।
मिलेगा फायदा- परिचय पत्र बनाने से शिक्षकों को फायदा मिलेगा। कई बार शिक्षकों को आईडी प्रुफ को लेकर परेशानी होती है, जिससे निजात मिलेगी। सरकार का यह निर्णय बढिया है।- शेरसिंह भूरटिया, शिक्षक नेता
Published on:
21 Aug 2018 06:58 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
