सिवाना. तीस अगस्त को सिवाना में मुख्यमंत्री की राजस्थान गौरव यात्रा आगमन की तैयारियों को लेकर शनिवार रात जिला कलेक्टर शिवप्रसाद एम नकाते सिवाना पहुंचे। रात नौ बजे पंचायत समिति सभागार में विधायक हमीरसिंह भायल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारी अंजुम ताहिर शम्मा, तहसीलदार कालूराम कुम्हार सहित उच्च अधिकारियों के साथ गौरव यात्रा तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। सम्पूर्ण व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री तीस अगस्त को क्षेत्र के गांव काठाड़ी से सड़क मार्ग से जिले में प्रवेश करेगी। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण,सार्वजनिक निर्माण विभाग, के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता को निर्माणाधीन एनएच 325 पर सुगम आवागमन की व्यवस्था करने के लिए निर्देश दिए। उपखण्ड अधिकारी को तैयारियों से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं माकूल रूप से करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर, विधायक हमीरसिंह ने रविवार को एन एच 325 पर मोकलसर, रमणिया, काठाड़ी तक मुख्यमंत्री की यात्रा के प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया। व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निप्र