
barmer news
बाड़मेर. नगर परिषद में पिछले दिनोंं हुई भर्ती में चयनित सफाई कर्मियों ने सोमवार को नगर परिषद कार्यालय में हंगामा करते हुए मुख्यमंत्री के जयपुर में होने वाले जनसंवाद कार्यक्रम में जाने से मना कर दिया। उन्होने मांग रखी कि पहले नियुक्ति पत्र दिए जाएं उसके बाद जन संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जाएंंगे। नगर परिषद की ओर से नियुक्ति पत्र नहीं देने पर नवनियुक्त कर्मचारियों ने जयपुर जाने से स्पष्ट मना कर दिया।
लॉटरी से चयनित सफाई कर्मियों को नगर परिषद ने ज्वाइनिंग देने के लिए सोमवार को बुलाया। उनको नियुक्ति पत्र देने के साथ जयपुर जाने का कहा गया। जब कर्मचारी तैयारी के साथ यहां पहुंचे तो पता चला कि नियुक्ति पत्र का काम पूरा नहीं होने के कारण ज्वाइनिंग नहीं मिल रही। इसके बाद नवनियुक्तकर्मी भड़क गए। उन्होंने नगर परिषद व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सफाईकर्मी रैली के रुप में कलक्टर आवास पहुंचे। यहां प्रदर्शन किया। उसके बाद कलेक्ट्रेट आए। यहां करीब शाम तक सफाईर्मियों का जमावड़ा लगा रहा। जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
आयुक्त ने सफाई देेते हुए निदेशक को भेजा पत्र
लाभार्थियों के जयपुर नहीं जाने के मामले में नगर परिषद आयुक्त ने स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक व संयुक्त सचिव को सोमवार को पत्र लिखा। पत्र में आयुक्त पंकज मंगल ने बताया कि उनकी ओर से सभी पत्रावालियों पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। लेकिन सभापति के हस्ताक्षर होना शेष हैं। वहीं लॉटरी में शिकायतों के मामलों में कलक्टर के आदेश पर जांच की जा रही है। इस बारे में जांच अधिकारी से पत्रावलियां मांगी गई, लेकिन उन्होंने कलक्टर की अनुमति के बिना देने से मना कर दिया। इस बारे में जिला कलक्टर को अवगत करवाने के बावजूद सोमवार तक पत्रावलियां नहीं मिली। इसके चलते सफाईककर्मियों को ज्वाइनिंग नहीं दिए जाने के कारण जनसंवाद में जयपुर नहीं भेजा जा सकेगा। जबकि नगर परिषद की ओर से भेजने की पूर्ण तैयारी थी।
Published on:
04 Sept 2018 09:01 am
