
Barmer Crude Oil Leakage,
Barmer News: राजस्थान के सरहदी जिले बाड़मेर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां के कवास क्षेत्र स्थित काउखेड़ा गांव में एक किसान के खेत से अचानक 'काला सोना' (क्रूड ऑयल) उबलने लगा। देखते ही देखते लहलहाती फसल के बीच कच्चे तेल का तालाब बन गया। यह घटना ऐश्वर्या ऑयल फील्ड के वेलपैड नंबर 8 के पास की है, जिसने आसपास के इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
किसान हरजीराम खोथ खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक जमीन का एक हिस्सा फटने लगा और वहां से काले गाढ़े तेल का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते तेल इतनी तेजी से फैला कि खेत का एक बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही केयर्न वेदांता की ऑपरेशनल टीमें और इंजीनियर मौके पर पहुंचे।
हालात की गंभीरता को देखते हुए कंपनी ने करीब 100 मीटर लंबी खाई खोदकर तेल को रोकने की कोशिश की है। अब तक 50 से ज्यादा वैक्यूम टैंकरों के जरिए तेल निकाला जा चुका है, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी रिसाव पूरी तरह बंद नहीं हुआ है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की पाइपलाइनों से तेल सप्लाई और उत्पादन को रोक दिया गया है। फिलहाल इंजीनियर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि रिसाव पाइपलाइन में लीकेज की वजह से है या जमीन के भीतर किसी तकनीकी दबाव के कारण।
पीड़ित किसान हरजीराम ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि उनकी करीब एक बीघा जमीन पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। जमीन में इतना तेल समा गया है कि अब वहां भविष्य में खेती करना लगभग नामुमकिन लग रहा है। किसान ने प्रशासन और कंपनी से उचित मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी यहां ब्लास्ट जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, जो सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े करती हैं।
Published on:
26 Feb 2026 08:40 am
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
