
बाड़मेर। बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा क्षेत्र के बरसिंगा गांव में कृषि बिजली कनेक्शन नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। इस दौरान ग्रामीण बूथ के बाहर एकत्रित हुए, लेकिन एक भी मतदान करने नहीं पहुंचा। इसकी सूचना पर तहसीलदार शिव शेतानसिंह राजपुरोहित, थानाधिकारी शिव, सेक्टर अधिकारी, पुलिस मोबाइल वैन, दोनों दलों के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश की। लोगों ने अपनी नाराजगी जताई। करीब एक-डेढ़ घंटे की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और लोगों ने मतदान शुरू किया।
वहीं इधर... हत्या की गुत्थी नहीं सुलझी तो किया मतदान का बहिष्कार
हनुमानगढ़। गांव जसाना का पवन व्यास हत्याकांड लोकतंत्र के उत्सव पर भारी पड़ गया है। पुलिस की जांच से निराश मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने शुक्रवार को मतदान प्रक्रिया के प्रति उदासीनता दिखाते हुए मतदान का बहिष्कार किया। वे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में निरंतर प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर मांग पूरी नहीं होने पर मतदान के बहिष्कार की चेतावनी दे रहे थे। यद्यपि प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने के लिए कई बार वार्ता की। लेकिन वार्ता हर बार विफल रही। इसके फलस्वरूप शुक्रवार सुबह से ही गांव जसाना के सभी पांचों बूथ सूने नजर आए। मतदान दल कर्मचारी हाथ पर हाथ धरे बैठे मतदाताओं का इंतजार करते रहे। लेकिन सुबह 11 बजे तक एक भी वोट पोल नहीं हुआ।
Published on:
07 Dec 2018 12:48 pm
