
शहर में 10 से 11 एमएलडी मिल रहा मीठा पानी
बालोतरा.
पोकरण-फलसुण्ड-बालोतरा- सिवाना-सिणधरी पेयजल योजना में एक पखवाड़ा से शहर बालोतरा में प्र्याप्त मिल रहे पानी पर पेयजल से परेशान शहरवासी अब राहत महसूस कर रहे हंै। योजना में 10 से 11 एमएलडी पानी मिलने पर शहर में 3 से 4 दिन अंतराल में पेयजल आपूर्ति की जा रही है। शीघ्र ही पानी की मात्रा में बढ़ोतरी करने पर शहरवासियों को इससे भी कम अंतराल में मीठा पानी उपलब्ध होगा।
बालोतरा व क्षेत्र के लिए बहुप्रतीक्षित पोकरण-फलसुण्ड-बालोतरा- सिवाना- सिणधरी मीठा पानी पेयजल योजना का कार्य पूरा होने पर 27 सितम्बर को इसका लोकापर्ण किया गया था। कई ठेकेदारों के योजना कार्य करने पर शुरूआत में सप्लाई कार्य में अधिक परेशानियां आई। जगह जगह से पेयजल लाइन लिकेज होने पर परियोजना अधिकारी कम प्रेशर से ही पानी छोड़ रहे थे। इस पर शहर बालोतरा में पेयजल आपूर्ति के लिए जरूरी 13 एमएलडी से आधा से कम पानी मिल रहा था। इस पर शहर के कई भागों में 7 से 8 दिन तो कई भागों में 10 दिन तक मीठे पानी की आपूर्ति नहीं हो रही थी। परेशान लोग पहले की तरह मोल पानी खरीद जरूरतें पूरी कर रहे थे। लेकिन परियोजना कार्य शुभारंभ के बीते एक माह से अधिक समय बाद पेयजल लाइन के जमने व कम लिकेज होने पर परियोजना अधिकारी अच्छे प्रेशर से पानी की आपूर्ति कर रहे हैं। इस पर पिछले एक पखवाड़ा से शहर बालोतरा को प्रतिदिन औसत 10 से 11 एमएलडी पानी मिल रहा है। इससे शहर की बिगड़ी पेयजल आपूर्ति व्यवस्था काफी हद तक सुधर कई है। जलदाय विभाग की ओर से शहर में 3 से 4 दिनों के अंतराल में 3 घंटे के लिए पेयजल आपूर्ति की जा रही है। पेयजल आपूर्ति के दिन घटकर कम होने पर परेशान लोग बड़ी राहत महसूस कर रहे हैं। शहर बालोतरा में सप्लाई के लिए प्रतिदिन 13 एमएलडी पानी की जरूरत रहती है। आगामी दिनों में जरूरत जितना पानी मिलने पर जलदाय विभाग सामान्य दिनों की तरह 2 से 3 दिनों के अंतराल में जलापूर्ति करेगा।
फिल्टर प्लांट चालू, शुद्ध, मीठा पानी मिल रहा- पोकरण- फलसुण्ड-बालोतरा- सिवाना- सिणधरी पेयजल योजना के लिए गांव बिलिया में फिल्टर प्लांट बनाया हुआ है। यहां परियोजना पानी फिल्टर कर बालोतरा के अलावा समूचे पोकरण-फलसुण्ड व इसके गांवों में सप्लाई किया जाता है। फिल्टर प्लांट का सुचारू रुप से संचालन जारी है। इसे बंद नहीं किया गया। इस पर शहर बालोतरा में शुद्ध व मीठा पानी मिल रहा है। परियोजना शुरूआत पर पेयजल लाइन जगह जगह से लिकेज होने से इसमें मिट्टी मिलने पर पानी मटमैला व गंदा मिलता था। लेकिन परियोजना लाइन अब सेट होने व इसमें कम लिकेज होने पर फिल्टर किया पानी शुद्ध व मीठा मिल रहा है।
व्यू.
परियोजना का बिलिया फिल्टर प्लांट सुचारू रुप से चालू है। बंद नहीं हुआ है। बालोतरा के अलावा पोकरण-फलसुण्ड में शुद्ध व मीठा पानी सप्लाई किया जा रहा है। पर्व के दिनों में पानी की अधिक मांग रहने पर फिल्टर प्लांट पर अतिरिक्त कर्मचारी लगाए थे।
विनोद भारती अधीक्षण अभियंता
पोकरण-फलसुण्ड-बालोतरा-सिवाना पेयजल योजना
पूर्व में 5 से 6 एमएलडी पानी मिल रहा था। एक पखवाड़ा से 10 से 11 एमएलडी पानी मिल रहा है। शहर में 3 से 4 दिनों के अंतराल में सप्लाई कर रहे हैं। पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में अच्छा सुधार हुआ है।
बी.एल मीणा अधिशाषी अभियंता जलदाय विभाग बालोतरा
Published on:
14 Nov 2018 05:36 pm
