
When will be completed work of Siddhari road, waiting for long
बाड़मेर. शहर की सिणधरी रोड के विस्तारीकरण कार्य की गति धीमी होने के कारण सड़क का काम अब द्रोपदी का चीर बन गया है। आधी सड़क पर डामरीकरण कर दिया है।
लेकिन सम्बधित ठेकेदार ने आधी सड़क पर ग्रेवल (मुरड़ा) बिछा छोड़ दिया है। ऐसे में पूरे दिन वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। अधूरी बनी सड़क के पत्थर बाहर निकल आए हैं, ऐसे में डामरीकरण वाले मार्ग पर दोनों तरफ की आवाजाही होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
धूल उडऩे से परेशानी
आधी सड़क पर ग्रेवल बिछाने के बाद डामरीकरण नहीं होने के कारण वाहनों के निकलने से पूरे दिन धूल उड़ती रहती है। इसके साथ सड़क पर कंक्रीट बिछी रहती है। ऐसे में आसपास के दुकानदारों व मोहल्लेवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। क्षेत्र में सांस के रोगियों को निकलने में अधिक परेशानी हो रही है।
आधी सड़क पर कब्जा
सड़क का निर्माण धीमी गति से चलने से मुरड़ बिछाई गई साइड पर ठेले, दुपहिया वाहन, भार वाहन सहित अन्य वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। चुनाव के चलते मार्ग पर आवाजाही काफी बढ़ गई है। ऐसे में यातायात जाम की स्थिति हमेशा ही बनी रहती है। लेकिन पास में लगी यातायात गुमटी पर तैनात कार्मिक मूकदर्शक बने हुए हैं।
हो चुका है हादसा
सिणधरी रोड कार्य के चलते पूर्व में हादसा होने के कारण एक युवक की जान चली गई थी। इसके बाद भी कार्य में ढिलाई बदस्तूर जारी है। जबकि विभाग के जिम्मेदारों का दावा था कि दीपावली से पहले काम पूरा कर लिया जाएगा। अब तो दिवाली को एक माह बीत चुका है। इसके बावजूद आमजन अधूरी सड़क का दंश भुगत रहा है।
गंभीर समस्या-
सड़क पर ड़ामरीकरण नहीं होने से धूल उड़ती रहती है। ऐसे में आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जेठूसिंह
शीघ्र पूरा हो काम-
सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा होना चाहिए। व्यस्ततम सड़क पर पूर्व में भी हादसा हो चुका है। इसका भी समाधान होना चाहिए।
कन्हैयालाल
Updated on:
06 Dec 2018 11:52 am
Published on:
06 Dec 2018 11:50 am
