
युवक को जलाया नहीं, खुद ने पेट्रोल छिड़क लगाई थी आग, अहमदाबाद में मौत
बाड़मेर. कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक के झुलसने के मामले में पुलिस ने दूसरे दिन शुक्रवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने बताया कि युवक को किसी ने जलाया नहीं था, उसने अपने खेत में पेट्रोल छिड़क खुद को आग लगा ली। युवक की दूसरे दिन अहमदाबाद में उपचार के दौरान मौत हो गई।
थानाधिकारी जब्बरसिंह चारण ने बताया कि पदमाराम पुत्र ओमप्रकाश माली निवासी गंगाई नगर ने मामला दर्ज करवाया था कि उसका भाई सवाईलाल बुधवार रात 10 बजे घर से शिकंजी पीने गया था, उसके बाद उसे अज्ञात लोगों ने जला दिया। झुलसी अवस्था में युवक बाइक पर सवार होकर घर पहुंच गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की तो मामला आत्महत्या का निकला। पुलिस ने बताया कि युवक बुधवार शाम जसदेर धाम के पास स्थित अपने खेत गया। वहां मंदिर पर पूजा करने के बाद बाइक से बोतल में पेट्रोल निकाला और खुद पर छिड़क आग लगा ली।
सगाई टूटने से व्यथित था
पुलिस ने बताया कि सवाई ने अपनी सगाई टूटने से आहत होकर यह कदम उठाया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि सवाई की सगाई होने के बाद मंगेतर से बात शुरू हो गई थी। लंबे समय से उसके संपर्क में था, लेकिन लड़की के परिजन को रिश्ता रास नहीं आने पर सगाई तोड़ कर किसी अन्य लड़के के साथ कर दी। इस कारण युवक परेशान था।
कपड़े, चप्पल व बोतल बरामद
पुलिस टीम ने जांच के दौरान घटनास्थल से चप्पल व जले हुए कपड़े व एक बोतल बरामद की। पुलिस ने बताया कि सवाई ने बाइक से पेट्रोल निकाला और खुद पर छिड़क कर आग के हवाले कर दिया।
Published on:
30 Mar 2019 03:24 pm
