
Road Accident : दवा व्यवसायी सहित 2 की मौत, 4 घायल
कोटपूतली. जयपुर दिल्ली राजमार्ग Jaipur Delhi Highway पर बानसूर कट पर बुधवार रात ट्रेलर बाइक में टक्कर होने से कस्बे के प्रमुख दवा व्यवसायी व पूर्व पार्षद की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार पूर्व पार्षद नवल किशोर गुप्ता (65) पुत्र लक्ष्मी नारायण गुप्ता निवासी श्याम मंदिर के निकट कोटपूतली स्कूटी से जा रहे थे। टेलर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे पूर्व पार्षद की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रेलर को जप्त कर लिया, हालांकि चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव बीडीएम अस्पताल की मोर्चरी रखवाया है।
बेटे की मौत, पिता सहित 2 घायल
जयपुर दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जयपुर की ओर से आ रहे एक बेकाबू ट्रोले ने दो बाइकों को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार बेटे की मौत हो गई, वहीं पिता घायल हो गया। दूसरी बाइक सवार एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए जिन्हें राजकीय बीडीएम अस्पताल से जयपुर रैफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बाइक पूतली कट पर खड़ी थी। जिसे बचाने के लिए तेज गति से आ रहे ट्रोले ने दूसरी तरफ सर्विस लेन पर खड़ी बाइक को टक्कर मारकर घसीटता हुआ ले गया। बाइक पर दांतिल निवासी पिता-पुत्र सवार थे। ट्रोला करीब 100 मीटर तक बाइक को घसीटा ले गया। ट्रोले के पहियों में फंसने से विकास गुर्जर निवासी दांतिल की मौत हो गई। तथा उसके पिता रामनिवास गुर्जर निवासी दांतिल व देशराज हुडीपाल निवासी बानसूर दुर्घटना में गम्भीर घायल हो गए। बीडीएम में प्राथमिक इलाज के बाद जयपुर रैफर कर दिया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से मृतक के शरीर को ट्रोले के पहियों से निकालकर मोर्चरी में पहुंचाया। हाइवे पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
कार की टक्कर से मां-बेटा घायल
गठवाड़ी. जमवारामगढ़ थाना क्षेत्र के मनोहरपुर दौसा नेशनल हाइवे पर बुधवार को बाइक से सड़क पार करते समय कार की टक्कर से बाइक सवार मां व बेटा गम्भीर घायल हो गए। हादसे के दौरान कार खाई में जा गिरी। रायसर चौकी कांस्टेबल संदीप चौधरी व संजय कुमार ने दोनों घायलों को निम्स अस्पताल पहुंचाया। चौकी के हैडकांस्टेबल रतनलाल ने बताया कि भट्ट का बास सड़क से हाइवे पर सड़क पार करते समय मनोहरपुर की ओर से आ रही कार ने टक्कर मार दी। बाइक सवार ताराचंद (30 ) व उसकी मां भगवती देवी (70)गम्भीर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की तेज गति होने से टक्कर के बाद बाइक करीब 15 मीटर दूर जाकर गिरी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि कार सवार लोग हरियाणा से मनोहरपुर दौसा हाइवे होते हुए कोटा जा रहे थे। कार सवार तीन लोगों के हल्की चोट आई है। क्षतिग्रस्त वाहनों को चौकी में रखवाया।
Published on:
15 Jul 2020, 11:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.