
चंदवाजी। पुलिस ने नशीली दवाइयों का जखीरा जब्त कर मेडिकल स्टोर संचालक सहित दो जनों को गिरफ्तार किया है। थानान्तर्गत अचरोल व तालामोड पर मंगलवार को जयपुर जिला ग्रामीण पुलिस की डीएसटी टीम, थाना पुलिस व औषधी नियंत्रण विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान नशीली दवाइयों का जखीरा जब्त कर मेडिकल स्टोर संचालक सहित दो जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस नशीली ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड की 1160 गोलियां भी जब्त की हैं। क्षेत्र में पुलिस व औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से एक ही दिन में तीन जगह कार्रवाई करने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बेची जा रही थी अवैध नशीली दवाइयां
पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण शंकरदत्त शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाले अपराधों पर रोकथाम को लेकर ऑपरेशन हाइवे के तहत जानकारी मिली कि अचरोल कस्बे में चाय की दुकान व ताला मोड़ स्थित मेडिकल स्टोर पर अवैध नशीली दवाइयां बेची जा रही है। मामले को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयपुर मुख्यालय धर्मेंद्र यादव के निर्देशन में डीएसटी टीम प्रभारी हेमराज मीणा को नशीली दवाइयों व मादक पदार्थों की सूचनाओं के संकलन के लिए निर्देशित किया। जिस पर डीएसटी टीम प्रभारी हेमराज मीणा ने जानकारी एकत्रित कर थानाधिकारी चंदवाजी विक्रांत शर्मा, औषधि नियंत्रण अधिकारी अशोककुमार शर्मा व अमन ठाकुर द्वारा संयुक्त रुप से छापामार कार्रवाई की गई।
टीम ने यहां की कार्रवाई
टीम ने अचरोल कस्बे के पेट्रोल पंप के सामने एक चाय की दुकान पर व ताला मोड़ स्थित एसके मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध नशीली दवाइयां (ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड कैप्सूल) की 1160 गोली जब्त की। पुलिस ने मामले में सीताराम की ढाणी,तन अचरोल निवासी पप्पू सैनी (35) पुत्र रामेश्वर प्रसाद सैनी व तालामोड स्थित एसके मेडिकल स्टोर संचालक जुगलपुरा (चंदवाजी) निवासी सुरेंद्र कुमार योगी (32) पुत्र सरवन लाल योगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच जमवारामगढ़ थाना प्रभारी मनोज कुमार को सौंपी गई है। । इसी क्रम में तीसरी कार्रवाई अचरोल पेट्रोल पंप के सामने स्थित श्री श्याम मेडिकल स्टोर पर की गई। जहां दवाओं के बिलो व दवाइयों में अनियमितता पाए जाने पर स्टोर के लाइसेंस के विरुद्ध औषधि नियंत्रण अधिकारी को लिखा गया है, जिसका अनुसंधान जारी है।
पुलिस को मिल रही थी शिकायतें
कस्बे सहित क्षेत्र में मेडिकल स्टोर, चाय व बीड़ी सिगरेट, पान की दुकानों पर कई दिनों से नशीली दवाइयां व मादक पदार्थ बेचे जाने की सूचनाएं पुलिस को मिल रही थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर विशेष निगरानी रखी और कार्रवाई को अंजाम दिया। इधर, ऑपरेशन हाइवे के दौरान डीएसटी टीम जयपुर ग्रामीण व स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण शंकरदत्त शर्मा ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
Published on:
03 Feb 2021 12:49 pm
बड़ी खबरें
View Allबस्सी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
