11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बर्फ से बने 11 फुट के शिवलिंग के दर्शन करने उमड़े श्रद्धालु

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजयोग सेवा केन्द्र की ओर से महाशिवरात्रि महोत्सव मनाया -कस्बे में निकाली प्रभातफेरी

2 min read
Google source verification
बर्फ से बने 11 फुट के शिवलिंग के दर्शन करने उमड़े श्रद्धालु

बर्फ से बने 11 फुट के शिवलिंग के दर्शन करने उमड़े श्रद्धालु


शाहपुरा। कस्बे में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजयोग सेवा केन्द्र शाहपुरा की ओर से आजादी के 75वें अमृत महोत्सव से स्वर्णिम भारत की ओर अभियान कार्यक्रम के तहत महाशिवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विवि के राजयोग सेवा केन्द्र की ओर से कस्बे में ११ फुट ऊंचे बर्फ के शिवलिंग की झांकी सजाई, जो आकर्षण का केन्द्र रही। इससे पहले सुबह कस्बे में प्रभातफेरी निकाली गई। यहां भोलेनाथ के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।

शाहपुरा नगर पालिका के चेयरमैन बंशीधर सैनी, किसान मोर्चा प्रभारी हरी बल्लीवाल, कांग्रेस नेता प्रवीण व्यास एवं पूर्व पार्षद किरण शर्मा ने आरती उतार कर बर्फ के शिवलिंग की झांकी का उदघाटन किया। इस मौके पर राजयोग सेवा केंद्र प्रभारी सुलभा बहन ने अतिथियों को ईश्वरीय सौगात देकर अभिनंदन किया।

इससे पहले प्रात: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजयोग सेवा केन्द्र की ओर से जन-जन को ईश्वरीय संदेश देने के लिए कस्बे में प्रभात फेरी निकाली गई। इसका उदघाटन जयश्री राम सेवा समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत एसआई दुर्गा प्रसाद शर्मा ने किया। इस मौके पर राजयोग सेवा केन्द्र की बहनें, कस्बे की कई महिलाएं व अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग के दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की।

इधर, महाशिवरात्रि पर्व पर इलाके के शिवालयों में सुबह से रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शिवालय सुबह से ही बम -बम भोले और ओम नम: शिवालय से गुंजायमान रहे। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक व पंचामृत अभिषेक कर व आंक, धतूरे अर्पण कर पूजा अर्चना की। वहीं, महिलाओं ने सामुहिक रूप से महादेवजी के जेगड़ से जल चढ़ाकर महाशिवरात्रि की कथा सुनी। कई जगह श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की चार प्रहर की पूजा अर्चना की।

श्रद्धालुओं ने महाशिवरात्री का व्रत भी रखा। पर्व को लेकर मंदिरों में भी विशेष तैयारियां की गई। शाहपुरा कस्बे के चौपड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर, बावड़ी वाले शिव मंदिर, चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर, पीपली तिराहे के पास शिवालय, राजकीय अस्पताल परिसर स्थित शिव मंदिर, देहली रोड स्थित शिव मंदिर, श्याम कॉलोनी स्थित शिवालय, पुलिस थाने के पास स्थित शिवालय, खातेड़ी स्थित शिवालय, देवन रोड, खोरी रोड सहित क्षेत्र में सभी जगह शिवालयों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर एवं उपवास रखकर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।