
शीश के दानी लखदातार...हारे का सहारा खाटू श्याम हमारा
पावटा। बाबा श्याम के फाल्गुनी मेले में खाटूधाम जाने के लिए बड़ी तादाद में भक्त पहुंच रहे हैं। शीश के दानी लखदातार...हारे का सहारा खाटू श्याम हमारा...जैसे जयकारों की गंूज से राजमार्ग श्याममय हो रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे दिल्ली-हरियाणा सहित कई राज्यों से खाटूधाम जाने वाले भक्तों का रैला लगा हुआ हैं। पदयात्रियों के लिए नाश्ता, भोजन फलों का रस आदि के जगह-जगह सेवा शिविर लगे हैं। जहां पर स्नान के लिए गर्म पानी, विश्राम के लिए बिस्तर और दवा सहित चिकित्सकों की व्यवस्था उपलब्ध करा कर पुण्यलाभ ले रहे हैं।
रंग बिरंगी ध्वजाएं इंद्रधनुषी छटा बिखेर रही
पदयात्रियों के हाथों में लहरा रही रंग बिरंगी ध्वजाएं इंद्रधनुषी छटा बिखेर रही है। श्रद्धालु एक-दूसरे पर गुलाल खेलकर भजन गाते व नाचते हुए नंगे पाव खाटूधाम की तरफ बढ़ते जा रहे हैं। कच्चे रास्तों से गुजरने वाले पदयात्री के लिए गावों में ग्रामीणों ने अपने घरों के आगे शिविर लगा कर दूध, जलेबी, लस्सी व देहाती भोजन से लेकर दाल-चूरमा आदि खिलाने के लिए मान मनुहार कर रहे हंै। रास्ते भर भक्तों के कारण चारों तरफ का माहौल बाबा श्याममयी बना हुआ है।
पूजा-अर्चना कर पदयात्रा को दी रवानगी
कस्बे से खाटूधाम जाने के लिए सोमवार को दो पदयात्राओं को रवानगी दी। कस्बे के बाबा श्रीश्याम मंदिर से श्री श्याम सेवा परिवार की 17वीं पदयात्रा को पूजा अर्चना कर रवाना किया। पदयात्रा में शामिल श्रद्धालु हाथों में रंग बिरंगी ध्वजाएं लेकर चल रहे थे, तो कोई डीजे पर श्याम भक्त नाचते गाते शामिल हुए। कस्बे की केशव सागर धर्मशाला से श्री श्याम मंडल द्वारा आयोजित पदयात्रा को पूजा अर्चना के साथ रवानगी दी। यात्रियों का कस्बे में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
श्याम प्रभु की पदयात्रा रवाना
विराटनगर. कस्बे के वार्ड नंबर 12 से सोमवार को श्री श्याम भक्त मंडल के तत्वावधान में श्रीश्याम प्रभु की 15वीं पद एवं निशान यात्रा गाजे बाजे के साथ रवाना हुई । पंडितों ने विधि विधान से पूजा अर्चना की, नगरपालिका उपाध्यक्ष बाबूलाल मीणा ने यात्रा को रवाना किया। डीजे की धुन पर पदयात्री नाचते गाते चल रहे थे। रमेश यादव ने बताया कि 5 मार्च को यात्रा खाटू धाम पहुंचेगी। जहां भक्त बाबा को निशान चढ़ा कर प्रसाद अर्पित करेंगे।
Published on:
03 Mar 2020 04:38 pm
बड़ी खबरें
View Allबस्सी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
