जयपुर ग्रामीण के शाहपुरा के खोरी गांव में शनिवार शाम उस समय दहशत फैल गई जब ग्रामीणों ने बिजली ग्रिड के पास पहाड़ी क्षेत्र में तीन पैंथर देखे। यह दृश्य परमानंदधाम के सामने स्थित पहाड़ी पर देखा गया, जहां वन विभाग के पुराने कमरे भी मौजूद हैं। पैंथरों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीण कालूराम कुम्हार और पृथ्वी धानका ने बताया कि शाम के समय उन्होंने वन्यजीवों की आहट सुनी, जिसके बाद पेड़ों के बीच तीन पैंथर नजर आए। शोरगुल सुनकर पैंथर पहाड़ी की चोटी की ओर चले गए। उनमें से एक पैंथर काफी देर तक पहाड़ी की चोटी पर खड़ा रहा। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम रेंजर मुकेश कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से पूरी जानकारी जुटाई। टीम ने आसपास के इलाके का मुआयना कर पैंथरों की संभावित गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
दो दिन पहले एक मादा पैंथर की हुई थी मौत
इसी क्षेत्र में दो दिन पूर्व एक मादा पैंथर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, खोरी रोड स्थित साधुड़ा जोहड़ा में पानी पीने के लिए आई लगभग डेढ़ साल की मादा पैंथर अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई थी। घायल अवस्था में वन विभाग ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अगले दिन शुक्रवार दोपहर को वह पैंथर अमरपुरा रोड स्थित जीनाकावाली जोहड़ा में मृत अवस्था में पाई गई।