
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर महाशिवरात्रि से पांच दिन पहले 29 जुलाई 2024 से ही अयोध्या-बस्ती फोरलेन पर सामान्य आवाजाही प्रतिबंधित कर दी जाएगी।हाईवे पर यात्रा महाशिवरात्रि दो अगस्त को दोपहर बाद सामान्य होने की उम्मीद है। कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए एसपी ने क्षेत्राधिकारियों के साथ मीटिंग कर हाईवे का घंटों निरीक्षण किया।
पेट्रोलिंग के साथ कांवड़ियों की सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश मातहतों को दिए हैं। जनपद के मुख्य थानाक्षेत्रों में पड़ने वाले कांवड़ मार्गों, चौराहों एवं रूट डायवर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस कप्तान गोपालकृष्ण चौधरी ने क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों को मार्ग पर किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं हो। उन्होंने मातहतों के साथ घघौआ, विक्रमजोत, छावनी तिराहा, हर्रैया, कप्तानगंज, गोटवा, अमहट घाट, बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण किया।
जिले में 29 जुलाई सोमवार से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा से पहले ही सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के क्षेत्राधिकारियों को सख्त निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि जनपद में कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की अपराधिक घटना का शिकार न होना पड़े। कांवड़ यात्रा बिना किसी अड़चन पूरी होनी चाहिए। बताया कि 80 किमी लंबे कांवड़ रूट को 19 सेक्टर 10 जोन व दो सुपरजोन में बांट कर जोनल व सेक्टर पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। यात्रा के दौरान 24 घंटे पुलिस की निगरानी चलती रहेगी।
अयोध्या से लेकर बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर तक हर सेक्टर पर पुलिस चेकिंग प्वांइट बनाया जाएगा। कावड़ यात्रा के दौरान 24 घंटे शिफ्ट वार पुलिस की डयूटी रहेगी। बड़ी संख्या में आने वाले कांवड़ियों की यात्रा बिना किसी परेशानी के पूरी करने के लिए पुलिस महकमा हर संभव कोशिश में जुट गया है। एएसपी ओपी सिंह तीन दिनों से कांवड रूट का विजिट कर पुलिस अधिकारियों को अलर्ट मोड़ पर रहने का निर्देश दिया है।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर अयोध्या-बस्ती फोरलेन पर सोमवार 29 जुलाई 2024 से ही सामान्य आवाजाही प्रतिबंधित कर दी जाएगी। लखनऊ से गोरखपुर की यात्रा करने वाले मुसाफिर गोंडा, बलरामपुर, डुमरियागंज, मनौरी होकर तथा दूसरे रूट सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर वाया टांडा, कलवारी राममजानकी मार्ग होते हुए गोरखपुर की यात्रा कर सकेंगे।कावड़ यात्रा में लाखों श्रद्धालु अयोध्या से सरयू जल भर कर बाबा भदेश्वरनाथ धाम आते हैं। कावड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन भी किया जाएगा, जिसके लिए प्लान तैयार किया जा चुका है। लाखों भक्त इस कावड़ यात्रा में शामिल होते हैं। इसलिए यात्रा को पूरी तरीके से सुरक्षित बनाने के लिए अभी से पुलिस महकमा जिले के अंदर रूट डायवर्जन प्लान बनाने में जुट गया है। इसे 29 से प्रभावी कर दिया जाएगा।पुलिस अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर तैयारी कर रहे हैं।
Updated on:
12 Jul 2024, 6:06 PM IST
Published on:
12 Jul 2024, 6:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.