7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Beawar Accident: सड़क हादसे में नवविवाहित युवक की मौत, पत्नी घायल, 10 दिन पहले हुई थी शादी

Beawar Accident: मांगलियावास थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक बाइक हादसे में गंभीर रूप से घायल नवविवाहित युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

less than 1 minute read
Google source verification
road accident

मृतक देशराज। फोटो पत्रिका नेटवर्क

मांगलियावास (ब्यावर)। डुमाडा पुलिया के पास एक दर्दनाक बाइक हादसे में गंभीर रूप से घायल नवविवाहित युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद दोनों गांवों में शोक का माहौल व्याप्त हो गया है और परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार मसूदा क्षेत्र के ग्राम श्योपुरा निवासी देशराज उर्फ कालूराम (27) अपनी पत्नी पूजा (27) के साथ अजमेर से अपने ससुराल लीडी जा रहा था। रास्ते में डुमाडा पुलिया के निकट उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया से नीचे जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों पति-पत्नी को गहरी चोटें आईं और वे मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही मांगलियावास पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद देशराज की हालत गंभीर बताई और उसे भर्ती कर लिया गया। लगातार उपचार के बावजूद बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। वहीं उसकी पत्नी पूजा का उपचार जारी है।

महज दस दिन पूर्व हुई थी शादी

बताया जा रहा है कि देशराज और पूजा की शादी महज दस दिन पहले ही हुई थी। शादी के बाद दोनों ससुराल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। युवक की असामयिक मृत्यु से श्योपुरा और लीडी गांव में गहरा शोक छा गया है। परिजन और ग्रामीण घटना से स्तब्ध हैं।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

एएसआई श्रवण चौधरी ने बताया कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।