मौसम के बदले तेवर और बादलों के छाने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
नागोला। मौसम के बदले तेवर और बादलों के छाने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान खेतों में खड़ी मूंग की अगेती फसल को समेटने में लगे हैं। उन्हें डर सता रहा है कि यदि बारिश हुई तो मूंग की फसल में जो कुछ उम्मीद बची है, वह भी बरबाद हो जाएगी। किसान दुर्गा लाल मेघवंशी ने बताया कि वर्तमान में अगेती मूंग की फसल की कटाई चल रही है। दो दिनों से छाए बादलों को देखकर किसान परेशान हैं। किसानों ने बताया कि अगर बारिश हुई तो इस फसल को भारी नुकसान होगा।
इतना ही नहीं मंडी में भी कीमत गिर जाएगी। अगर ऐसा हुआ तो किसानों के लिए लागत निकालना भी मुश्किल होगा। मूंग की फसल इस बार किसानों के लिए कुछ खास नहीं रही। पहले ही फसल को जरूरत के समय पर बारिश नहीं कारण मूंग की फसल में नुकसान हुआ है। वहीं अब मंडी में उन्हें कम कीमत पर ही बेचना पड़ रहा है। ऐसे में वे पहले से ही परेशान हैं। अब अगर बारिश हुई तो उन्हें और नुकसान उठाना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- monsoon n Update: IMD का नया अपडेट, अब मानसून ने बदली चाल, अब इतने दिन नहीं होगी बारिश
उड़द, ज्वार व मक्का की फसल में होगा फायदा
भारतीय किसान यूनियन उप तहसील नागोला के ब्लॉक अध्यक्ष धनराज साहू ने बताया कि पिछले दिनों चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के चलते हुई अच्छी बारिश से उत्साहित होकर अगेती में बुवाई करने वाले काश्तकारों की फसल बड़ी होकर मूंग की फसल में फलियां काली पड़ गई है। काश्तकार महिलाएं अगेती मूंग की फसल की कटाई में जुट गई है। यदि इस समय बारिश होती है तो मूंग की फसल को काफी नुकसान होगा। पछेती मूंग की फसल सहित उड़द, ज्वार व मक्का की फसल में बारिश से फायदा होगा। अभी उड़द, ज्वार व मक्का की फसलों को पानी की सख्त जरूरत है।