
तीन साल में मिले पांच करोड़ पर समस्या जस की तस, जिम्मेदारों ने छोटे-छोटे कामों में खर्च की मोटी रकम
नवागढ़ . मारो नगर पंचायत में मंगलवार को बैठक रखी गई। इसमें विधायक गुरुदयाल बंजारे भी पहुंचे और नगर पंचायत की दुर्गति को करीब से देखा। नगर पंचायत मारो को गत तीन साल में मिले लगभग पांच करोड़ रुपए का क्या किया गया, यह जानकर विधायक बंजारे हैरान रह गए। तत्कालीन सीएमओ जीआर राठौर के कार्यकाल में नगर के विभिन्न वार्डों में लघु उद्यान, पुष्प वाटिका, नगर पंचायत भवन में गार्डनिंग के नाम पर लगभग 10 लाख रुपए व्यय किए गए। जबकि नगर में फूल की कौन कहे, एक पत्ता भी नही है। सीसी रोड व नाली निर्माण के नाम पर मोटी रकम खर्च होने के बाद भी नगर की सूरत नहीं बदली। सार्वजनिक शौचालय में ताला बंद है। नगर में ब्लीचिंग पावडर में 24 हजार खर्च हो गए। छोटे बिलों से बड़ी रकम की निकासी को देखते हुए विधायक ने गली, तालाब व सार्वजनिक स्थलों का मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने गत तीन साल में हुए कार्य और भुगतान की जांच भौतिक सत्यापन के साथ कराने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत में 14 वें वित्त व अन्य मदों से मिली राशि का हुआ है दुरुपयोग
पार्षद - एल्डरमेन निधि से सात लाख से अधिक की लागत से तीन यात्री प्रतीक्षालय बने। जिसमें गुणवत्ता को लेकर शिकायत हुई, जिसे किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। वर्ष 2016-17 में एक करोड़ 35 लाख 80 हजार रुपए व्यय किए गए। वर्ष 2017-18 में जीआर राठौर के कार्यकाल में ही एक करोड़ 81 लाख 79 हजार रुपए व्यय किए गए। इसके अलावा दो करोड़ के कार्य प्रक्रिया में हैं। पार्षद निधि में 14 वां वित्त चुंगी कर सहित अन्य मदों में राज्य ने भरपूर राशि दी। जिसका जमकर दुरूपयोग किया गया। टैंकर मरम्मत में मोटी रकम का खर्च होना संदेह को जन्म देता है। नगर पंचायत ने दस साल में जो राशि खर्च की है, यदि सही उपयोग होता तो आज मारो को लोग देखने आते। बैठक में विधायक के साथ नप उपाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी, जावेद खान, ज्ञान दास रात्रे, विजय यादव, शक्तिधर दीवान, झम्मन बघेल, दिनेश बघेल उपस्थित थे।
टंकी की सफाई के नाम पर खर्च डाले 45 हजार रुपए
नगर पंचायत मारो में पंप मरम्मत के नाम पर मोटी रकम निकाली गई है। 45 नग एलइडी बल्ब 90 हजार से अधिक रुपए में लिए गए। 8 हजार 450 रुपए के भाव से 30 नग सीमेंट की कुर्सी खरीदी गई। हद तो तब हुई जब मंगलवार की बैठक में पानी टंकी की सफाई का बिल 45 हजार रुपए देने का प्रस्ताव लाया गया। अब तक नगर पंचायत के कर्मचारी सफाई करते थे, लेकिन इस बार विशेषज्ञ क्यों आए, लोग हैरान हैं।
विधायक ने कलक्टर को दिए भौतिक सत्यापन के निर्देश
बैठक में पिछले तीन साल में नगर पंचायत की मिले पांच करोड़ के मुकाबले काम नहीं होने का मुद्दा उठने के बाद विधायक ने नगर पंचायत में पिछले तीन साल में हुए कार्यों का भौतिक सत्यापन करने का आदेश कलक्टर को दिया है। साथ ही कहा है कि जिन ठेकेदारों ने काम अधूरा छोड़ा है या शुरू नहीं किया, उनके काम निरस्त कर नए सिरे से प्रक्रिया करें। काम में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। नगर स्वच्छ रहे इसका ध्यान रखा जाए।
लोगों को मीठा पानी पिलाने के लिए प्रस्ताव बनाने का दिया आदेश
नगर पंचायत की बैठक में विधायक बंजारे ने आदेश दिया कि काम्प्लेक्स निर्माण के लिए जगह चयन किया जाए। शौचालय बना चुके लोगों को भुगतान दिया जाए। मारो के लोगों को शिवनाथ से लाकर मीठा पानी देने की योजना पर प्रस्ताव तैयार किया जाए। केदार तालाब का मद परिवर्तन कर शासकीय उपयोग के लिए अनुमति दी जाए। गणतंत्र पर्व परंपरागत ढंग से मनाया जाए और 70 पात्र लोगों का पेंशन प्रकरण तैयार किया जाए।
नगर पंचायत अध्यक्ष का पद अभी रिक्त
मारो नगर पंचायत में अध्यक्ष का पद रिक्त है। कांग्रेस समर्थित निर्वाचित अध्यक्ष फोहारा बाई को चुनावी खर्च का ब्यौरा समय सीमा में नहीं दे सकने के कारण पद से हाथ धोना पड़ा। यहां अब उपचुनाव होना है।
Published on:
24 Jan 2019 07:15 am
बड़ी खबरें
View Allबेमेतरा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
