
Betul Oil Mill :मध्य प्रदेश के बैतूल जिला मुख्यालय पर स्थित बैतूल ऑयल मिल में स्थित पानी की टंकी में एक साथ दो लाशें मिलने से सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि, पानी में तैरती मिली दोनों लाशें मिल के कर्मचारियों की ही हैं। देर रात सामने आई इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन समेत दोनों कर्मचारियों के परिजन ऑयल मिल पहुंचे और मामले की जांच शुरु की।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। दोनों ही कर्मचारियों की मौत कैसे हुई, फिलहाल ये स्पष्ट नहीं हो सका है। शनिवार को पुलिस शवों के पोस्टमार्टम करा रही है। साथ ही, जांच के बाद ये साफ हो सकेगा कि आखिरकार दोनों कर्मचारियों की मौत का कारण क्या था? बता दें कि, बैतूल ऑयल मिल में सोयाबीन रिफाइंड कर खाद्य तेल बनाने और पैकेजिंग का काम होता है।
मामले को लेकर बैतूल ऑयल मिल के मैनेजर (एचआर) अजय कुमार मिश्रा का कहना है कि देर शाम मशीनों को ऑपरेट करने वाले दयाराम नरवरे और कैलाश पानकर के मिल में दिखाई नहीं देने पर उनकी तलाश की गई, दोनों के शव पानी टंकी में मिले हैं। घटना की जानकारी पुलिस और मृतक कर्मचारियों के परिजन को दी गई। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, बैतूल एसडीओपी शालिनी परस्ते का कहना है कि, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसडीआरएफ की टीम के साथ पहुंचे थे। घटनास्थल पर टंकी से दोनों कर्मचारियों के शव को निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। पीएम रिपोर्ट के आधार पर मौत का कारण पता चल सकेगा। सथ ही, आगे की जांच को रास्ता मिल सकेगा।
Updated on:
16 Mar 2025, 10:51 AM IST
Published on:
16 Mar 2025, 9:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.