
betul highway jam truck drivers protest illegal toll bhopal nagpur road
mp news: मध्यप्रदेश में भले ही सरकार ने हाईवे पर बैरियर बंद कर दिए हैं लेकिन इन बंद बैरियरों पर अवैध वसूली अभी भी जारी होने की खबरें आती रही हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के बैतूल जिले का है जहां मुलताई के पास ससुंधरा बैरियर पर शुक्रवार शाम को अवैध वसूली के आरोप में हंगामा हो गया। अवैध वसूली के आरोप में यहां पर राजस्थान के ट्रक ड्राइवरों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया, जिसके कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। प्रशासन व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रक ड्राइवरों को समझाने की कोशिश की लेकिन शुरुआती बातचीत में कोई हल नहीं निकला।
भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर मुलताई के पास ससुंधरा बैरियर के पास हंगामा मच गया। राजस्थान के ट्रक ड्राइवर्स ने हाईवे पर ट्रक खड़े कर हाईवे जाम कर दिया, जिसके कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और सैकड़ों यात्री घंटों से जाम में सड़क पर फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि राजस्थान के एक ट्रक ड्राइवर का चेक पोस्ट पर तैनात स्टाफ के साथ विवाद हुआ था जिसके बाद हंगामा मच गया। ट्रक ड्राइवर का आरोप है कि चेक पोस्ट के कर्मचारी ने उसे पैसों की डिमांड की और अभद्रता की। हाईवे पर जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रक ड्राइवरों से बातचीत कर जाम खुलवाने की कोशिश कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि राजस्थान के एक ट्रक को चैकिंग के लिए बैरियर के पास स्टाफ ने रोका था। ट्रक में चालक के साथ उसके परिवार के सदस्य भी थे। परिवार का एक सदस्य बीमार था जिसके कारण ट्रक चालक ने उसे छोड़ देने की बात कही। ट्रक चालक का आरोप है कि उससे स्टाफ के कर्मचारी ने अभद्रता की और पैसे की मांग की। वो कुछ पैसे देने के लिए भी तैयार था लेकिन कर्मचारी ने ज्यादा पैसों की डिमांड की जिसे लेकर कहासुनी हो गई। जिस ट्रक चालक से विवाद हुआ वो ट्रक का मालिक भी है, विवाद होने पर उसने अपने साथी ट्रक वालों को हाईवे पर बुला लिया और हाईवे पर जाम कर दिया। जब जाम की खबर लगने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो ट्रक ड्राइवर वसूली करने वाले कर्मचारी को बुलाने की बात पर अड़े रहे, उनका कहना है कि जब तक अभद्रता और वसूली करने वाला कर्मचारी नहीं आ जाता ट्रक हाईवे से नहीं हटाएंगे। पुलिस खबर लिखे जाने तक ट्रक ड्राइवरों को समझाने का प्रयास कर रही है।
Updated on:
20 Mar 2026 09:55 pm
Published on:
20 Mar 2026 09:55 pm
