1 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजपा को हराने वाले चेयरमैन प्रह्लाददास गुप्ता हुए बीजेपी में शामिल

भदोही जिले में भाजपा को बड़े अन्तर से हराने वाले प्रह्लाददास गुप्ता ने थामा बीजपी का दामन।

2 min read
Google source verification
Prahladdas Gupta

प्रह्लाददास गुप्ता

भदोही. निकाय चुनावों में जबरदस्त जीत के बाद अब भाजपा निर्दलीय जीतने वाले प्रत्याशियों को अपने पाले में करने में जुट गयी है। चुनाव परिणाम आने के दूसरे दिन ही भाजपा को हराने वाले नगर पालिका चेयरमैन को ही बीजेपी में शामिल कर इस अभियान की शुरुआत कर दी गयी। बीजेपी ज्वाइन करने वाले भदोही जिले की गोपीगंज नगर पलिका परिषद के नवनिर्वाचित चेयरमैन प्रह्लाददास गुप्ता का शुमार बड़े नेताओं में होता है। उन्हें वाराणसी में भाजपा काशी प्रान्त के अध्यक्ष लक्ष्मणाचार्य ने कार्यालय में बीजेपी की सदस्यता दिलायी। इस दौरान संगठन मंत्री रत्नाकर जी, भदोही के औराई से विधायक दीनानाथ भास्कर व जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक आदि बड़े नेता भी मौजूद रहे। प्रह्लाददास गुप्ता इसके पहले अखिलेश सरकार में सपा में चले गए थे।


20 साल से है पालिका चेयरमैन सीट पर क्ब्जा
राजनैतिक परिवार से हैं। पिछले 20 साल से लगातार चेयरमैन की सीट पर इन्हीं के परिवार का कब्जा रहा है। इसमें दो बार ये खुद चेयरमैन रहे हैं, एक बार पत्नी और एक बार इनके भाई आशाराम गुप्ता चेयरमैन रहे। ये पुराने कांग्रेसी थे। बाद में अखिलेश सरकार में विजय मिश्रा ने सभी चेयरमैनों को सपा ज्वाइन करा दिया था। इसमें प्रह्लाददास गुप्ता भी शामिल थे। इस बार जब विजय मिश्रा सपा छोड़ दिये तो इन्होंने भी किनारा कर लिया।


बीजेपी ने पहले टिकट देने से कर दिया था मना
प्रहह्लाददास गुप्ता पहले गोपीगंज नगर पालिका चेयरमैन पद के लिये भाजपा से टिकट मांग रहे थे। उनका नाम भी आलाकमान के पास गया था। पर उनकी जगह पर कालीन निर्यातक गगन कुमार गुप्ता को टिकट मिला।
- चुनाव में प्रह्दालदास गुप्ता और कांग्रेस प्रत्याशी माबूद खान के बीच कांटे की टक्कर रही।
-भाजपा यहां तीसरे नम्बर पर रही।
-प्रह्लाददास गुप्ता को 4973 वोट पाकर कांग्रेस प्रत्याशी से 219 वोट से जीते।
- कांग्रेस प्रत्याशी माबूद खान को 4754 वोट मिला।
- तीसरे नम्बर पर रहे भाजपा प्रत्याशी गगन कुमार गुप्ता को 4202 वोट मिले।
- चौथे नम्बर पर खिसकी सपा के प्रत्याशी अनिल कुमार जायसवाल को 1060 वोट मिले।
- इस सीट पर बसपा की बुरी स्थिति रही और महज 200 के अन्दर ही सिमट गयी।

बाहुबली विजय मिश्रा ने किया समर्थन फिर भी हारी भाजपा
ज्ञानपुर के बाहुबली विधायक विजय मिश्रा ने पूरे जिले की दो नगर पालिकाएं भदोही और गोपीगंज, व पांच नगर पंचायत ज्ञानपुर, नई बाजार, सुरियावां, घोसियां, खम्हरिया में बीजेपी के प्रत्याशियों को अपना समर्थन दिया था। पर भाजपा केवल ज्ञानपुर और भदोही में ही जीत सकी। भदोही में तो भाजपा महज 205 वोटों के कम अन्तर से जीती। इस सीट पर सपा ने रिकाउंटिंग की मांग को लेकर हंगामा भी किया था। पर वहां केवल दोबारा वोटों का मिलान किया गया।

नहीं काम आया उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य व महेन्द्रनाथ पाण्डेय का प्रचार
भदोही में उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य खम्हरिया में आए थे। प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने भदोही और गोपीगंज में सभा की थी। इसके अलावा भी कई अन्य मंत्री व पार्टी के बड़े नेता भदोही जिले में प्रचार प्रसार करने पहुंचे थे। बावजूद इसके भाजपा महज दो सीटों में ही सिमटकर रह गयी। भाजपा ने प्रह्लाददास गुप्ता को पार्टी में लाकर दोनों नगर पालिकाओं पर कब्जा कर अपनी ताकत बढ़ायी है।
by Mahesh Jaiswal