3 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bharatpur Accident: सड़क किनारे चारपाई पर बैठे मां-बेटे को कार ने मारी टक्कर, महिला की मौत

राजस्थान के भरतपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला भरतपुर जिले के नगर रोड का है। जहां पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चारपाई पर बैठे मां-बेटे को टक्कर मार दी।
2 min read
Google source verification
Accident on Bharatpur Nagar Road

हादसे के बाद सामने आया सीसीटीवी फुटेज। फोटो: पत्रिका

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला भरतपुर जिले के नगर रोड का है। जहां पर तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चारपाई पर बैठे मां-बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और बेटा गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और बेरहमी से पिटाई की। सूचना मिलते ही सीकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया।

घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। लेकिन, हादसे का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। जिसमें साफ दिख रहा है कि एक चारपाई पर महिला बैठी हुई है। वहीं, दूसरी चारपाई पर उसका बेटा सो रहा था। तभी एक तेज रफ्तार कार कुचलते हुए निकल जाती है। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई और बेटा घायल हो गया। गनीमत यह रही कि कुछ ही दूरी पर जाकर कार रुक गई। वरना और भी बड़ा हादसा हो सकता था और कार सवार सहित कई लोगों की जान जा सकती थी।

महिला की मौके पर ही मौत

पुलिस के मुताबिक घटना नगर रोड पर पेट्रोल पंप के पास की है। कार की टक्कर से गाड़िया लोहार परिवार की महिला महमू (60) की मौत हो गई। वहीं बेटा राजेश भी बुरी तरह घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से कार को जब्त किया। साथ ही कार चालक को थाने ले गई।

गुस्साए लोगों ने कार चालक को पीटा

हादसा इतना जबरदस्त था कि तेज धमाके की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ लगा हो गई। महिला के परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को भीड़ से बचाया और थाने लेकर आई। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

दौसा में भी हुआ था भीषण सड़क हादसा

बता दें कि दौसा जिले में भी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला था। धनावड़-कोलवा के समीप ऋषिकेश से इंदौर मध्यप्रदेश जा रही सवारियों से भरी बस तड़के करीब ढाई बजे ओवरटेक करते समय एक ट्रेलर से टकरा गई थी। टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई थी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी और 22 यात्री घायल हो गए थी। छह लोगों की मौत जिंदा जलने से हुई थी। वहीं, दो घायलों ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। घायलों का कहना था कि ट्रेलर से टकराने के बाद करीब दो मिनट बाद बस में आग लगी थी यदि बस का आपातकालीन गेट खुल जाता तो शायद वे बच जाते।