
भरतपुर। शहर की जसवंत नगर कॉलोनी में एक महिला जेईएन ने बीती रात अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। थाना अटलबंध पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड से मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कार्रवाही कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना को लेकर मृतका विवाहिता के पिता ने अपनी बेटी के पति सहित उसके ससुर सास वगैराह अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज की खातिर बेटी की हत्याकर उसके शव को पंखे पर लटकाने का आरोप लगाया है। घटना की रिपोर्ट थाना अटल बंध में दर्ज कराई गई है।
दर्ज कराई रिपोर्ट में मृतका के पिता जलसिंह निवासी पपरेरा ने कहा है कि उसकी बेटी कीर्ति सिंह की शादी 26 अप्रेल 2021 को जसवंत नगर निवासी भानूप्रतान पुत्र बृजपाल सिंह के साथ हुई। उस वक्त बेटी बाबू की नौकरी करती थी, शादी के बाद वह सिंचाई विभाग में जेईएन हो गई। बेटी के विवाह में 25 लाख रुपए की राशि खर्च की। इसमें कार सहित 5 लाख रुपए की नकदी एवं घरेलू अन्य सभी सामान व सोने-चांदी आदि के जेवरात दिए।
लेकिन शादी के बाद से ही बेटी का पति भानूप्रताप सहित उसका ससुर वृजपाल, सास सरिता, ननन अंजलि आदि दहेज को लेकर नाखुश थे और बेटी से दहेज में 15 लाख रुपए का और दहेज लाने की डिमांड करते हुए उसे तंग परेशान करने लगे। कई बार बेटी ने घर आकर एवं फोन पर इस संबंध में हमें बताया। इस पर हमने अपने दामाद और उनके परिजनों से समझाइस की, लेकिन वे अपनी करतूत से बाज नहीं आए।
14 नवंबर की शाम छह बजे बेटी कीर्ति ने अपनी बहन प्रियंका को फोन कर बताया कि उसका पति, सास, ससुर वगैराह दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इस पर उसे समझा दिया गया कि आज त्यौहार है, इसलिए कल सुबह हम तेरी ससुराल आ रहे हैं। लेकिन जब सुबह हुई तो पता चला कि बेटी की मौत हो गई है। पिता का आरोप है कि बेटी को उसके ससुराली जनों ने उसकी हत्या कर पंखे पर लटका दिया है।
डेढ़ साल की बेटी भी है कीर्ति की
बताते चलें कि कीर्ति ने शादी के बाद एक बेटी को भी जन्म दिया, जो अब महज डेढ़ साल की है। सुसाइड करने से पहले मृतका ने बेटी को दूध पिलाकर सुला दिया था। वह नहीं जानती कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उसका मां की याद में रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, कीर्ति के मां-बाप सहित अन्य परिजन भी गम से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।
Published on:
16 Nov 2023 03:17 pm
