भरतपुर. उद्योगनगर थाने के गांव ताखा में शुक्रवार देर शाम जयपुर एसओजी की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई कर 121 किलो अवैध गांजा व अवैध शराब बरामद की है। मुख्य तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जबकि उसके एक भाई को गिरफ्तार किया है। आश्चर्य की बात यह है कि खुद उद्योगनगर थाना पुलिस को पता तक नहीं था कि उनके इलाके में गांजा की तस्करी का कारोबार हो रहा है। चूंकि यह कार्रवाई पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद की गई। वहीं जानकारों की मानें तो गांजा अलग-अलग श्रेणी के हिसाब से बिकता है। बरामद गांजा की कीमत करीब आठ हजार रुपए किलो बताई जा रही है। ऐसे में बाजार मूल्य के हिसाब से बरामद गांजा की कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी जा रही है। एडिशनल एसपी मूलसिंह राणा ने बताया कि सीआइडी सीबी से तस्करी के संबंध में सूचना मिलने के बाद पड़ताल की गई। इस पर टीम का गठन कर गांव ताखा में दबिश दी गई। जहां पुलिस को देखकर मुख्य आरोपी अशोक कुमार पुत्र मोहन सिंह भागने में सफल हो गया। जबकि उसके भाई रामबाबू पुत्र मोहन सिंह ताखा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके घर से 121 किलो गांजा, 465 पव्वा देशी बरामद, अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई में सीओ सिटी हवासिंह रायपुरिया, उद्योगनगर एसएचओ सीपी चौधरी, सब इंस्पेक्टर राधेश्याम उपस्थित रहे।