
rain alert in Rajasthan: मौसम केंद्र जयपुर ने पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर व कोटा संभाग के कुछ इलाकों में अगले तीन चार दिन बादल छाए रहने व हल्की बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी राजस्थान के चूरू, हनुमानगढ़ व आसपास के क्षेत्र में आज भी हल्की बारिश हो सकती है। केंद्र के अनुसार आज राज्य के ऊपर परिसंचरण तंत्र बना हुआ है और वायुमंडल के निचले स्तरों में पूर्वी हवाओं के साथ बंगाल की खाड़ी से नमी की सप्लाई जारी है।
इस तंत्र के असर से आज जयपुर, भरतपुर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। पिछले चौबीस घंटों में राज्य के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश सवाईमाधोपुर में 29 एमएम हुई। आगामी दो तीन दिन राज्य के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने व अधिकतम तापमान 4 से 8 डिग्री नीचे दर्ज होने की संभावना है।
वहीं भरतपुर की बात करें तो सोमवार को मौसम का मिजाज अलसुबह ही बदल गया। हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई तो मौसम में ठंडक घुल गई। हालांकि बीच-बीच में सहमी-सहमी सी धूप निकली, लेकिन शाम को फिर बादलों ने डेरा जमा दिया। देर शाम को बूंदाबांदी का दौर फिर शुरू हुआ, जो देर तक चला। इससे मौसम में ठंडक बढ़ी नजर आई। हल्की बूंदाबांदी के बीच हवा चलने से मौसम में ठिठुरन बढ़ गई।
सुबह एकबारगी बूंदाबांदी शुरू हुई तो अच्छी बारिश की उम्मीद जगी, लेकिन दिन में बारिश नहीं हुई। किसानों की मुराद शाम को पूरी हो सकी। सर्दी के बीच लोग पूरे इंतजामों के साथ ही घर से बाहर निकले। मौसम का यह बदला मिजाज पश्चिमी विक्षोभ के कारण है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के निकलने के बाद उत्तरी हवाओं के जोर से सर्दी में इजाफा होगा। हालांकि फिलहाल इस विक्षोभ के सक्रिय होने से सुबह-शाम के तापमान में गिरावट आई है।
Updated on:
28 Nov 2023 02:44 pm
Published on:
28 Nov 2023 02:22 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
