
राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी। फोटो- साभार- सोशल मीडिया
Rajasthan Politics : धौलपुर करौली सांसद भजनलाल जाटव के हालिया बयान पर राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भरतपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे अरुण चतुर्वेदी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सांसद भजनलाल जाटव ने जो टिप्पणी की है, वह केवल उनका व्यक्तिगत विचार नहीं, बल्कि कांग्रेस की मूल सोच को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद से कांग्रेस ने समाज को विभिन्न आधारों पर बांटने का काम किया है। कभी जातियों के नाम पर तो कभी भाषा के नाम पर समाज में विभाजन पैदा किया गया।
भरतपुर में डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि किसी भी समाज विशेष पर की गई टिप्पणी केवल उस समाज का नहीं, बल्कि पूरे समाज का अपमान है। डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस प्रकार के बयान कतई स्वीकार्य नहीं है। सामाजिक समरसता को मजबूत करने की बजाय विभाजनकारी राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने सभी वर्गों से मिल-जुलकर समग्र और सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण की अपील करते हुए कहा कि किसी को भी किसी समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है।
वहीं एक राजनीतिक कार्यक्रम में भरतपुर में भामसं के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने 21 जून को भरतपुर में प्रस्तावित नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की सभा को लेकर प्रतिक्रिया दी। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि केन्द्रीय सेवाओं में जाट आरक्षण एक महत्वपूर्ण विषय हो सकता है और इस पर चर्चा भी होनी चाहिए, लेकिन राजनीतिक मुद्दों को उठाने के लिए मर्यादित भाषा का प्रयोग आवश्यक है।
जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल सांसद हनुमान बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए किया है, उसे भरतपुर की जनता स्वीकार नहीं करेगी। लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद, आलोचना और विरोध स्वाभाविक है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और स्तरहीन शब्दों का प्रयोग राजनीति की गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े नेताओं को अपनी भाषा पर संयम रखना चाहिए।
जवाहर सिंह बेढम भरतपुर जिले के नगर के रहने वाले हैं। पंचायती राज चुनावों के जरिए उन्होंने राजनीति में एंट्री की। वर्ष 1995 से लेकर 2000 तक वे पंचायत समिति सदस्य रहे। वर्ष 2000 से 2005 तक वे जिला परिषद के सदस्य रहे। गत विधानसभा चुनाव में उन्हें पहली बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने का अवसर मिला। बेढम ने नगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और चुनाव जीतने में कामयाब रहे।
Published on:
08 Jun 2026 12:47 pm
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
