27 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वो तड़पती रही और नहीं आई पति व सास को दया…

-शादी के पांच साल बाद दो बच्चों की मां की झुलसने से मौत-खैरपुर में घटना के बाद दहेज हत्या का आरोप, मामला दर्ज

2 min read
Google source verification
वो तड़पती रही और नहीं आई पति व सास को दया...

वो तड़पती रही और नहीं आई पति व सास को दया...

भरतपुर/डीग. उपखंड की ग्राम पंचायत कासोट के गांव खैरपुर में शादी के पांच साल बाद दो बच्चों की मां के आग से झुलसने के कारण मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता 23 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलस गई थी। उसका जयपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा था। मृतका की मां ने इस संबंध में मृतका के पति और अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज की मांग पूरी न करने पर उसकी पुत्री की हत्या करने का मामला सदर थाने में दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के जिला अलीगढ़ इंगलास के गांव गदा खेड़ा निवासी मृतका की मां गुड्डी देवी पत्नी ओमवीर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उसकी दोनों बेटी चंचल की कुंवरजीत व प्रियंका की शादी हरेन्द्र पुत्र अशोक निवासी गांव खैरपुर थाना डीग के साथ छह मई 2017 को हुई थी। मांग के अनुसार करीब 10 लाख रुपए का दहेज दिया था, लेकिन उसकी दोनों पुत्रियों के ससुरालीजन पति कुंवरजीत, ससुर अशोक, सास मनोज देवी तथा रवेन्द्र चचिया ससुर, राजकुमारी चचिया सास व सचिन पुत्र रवेन्द्र दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वे शादी के बाद से ही एक बुलट बाइक एवं एक लाख रुपए नगद अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसकी दोनों पुत्रियों को परेशान कर रहे थे। इस मामले को लेकर कई बार समझाया और सोचा कि कुछ दिन में सब कुछ ठीक हो जाएगा। 23 मार्च की सुबह करीब साढ़े नौ बजे उसके पास बड़ी पुत्री प्रियंका ने फोन कर बताया कि ससुरालीजनों ने चंचल के शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी है। इससे उसकी हालत बहुत गंभीर है। पुत्री की ससुराल खैरपुर पहुंची तो पुत्री प्रियंका ने बताया कि चंचल को यह लोग किसी अस्पताल में लेकर गए हैं। जानकारी करते हुए लड़की के परिजन एसएमएस अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि चंचल की 23 मार्च को ही मौत हो चुकी है। मृतका की मां का आरोप है कि दहेज के लोभियों ने उसकी बेटी चंचल को आग लगाकर मार डाला है। पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच पुलिस उपाधीक्षक आशीष प्रजापत को दी है। मृतका का दाह संस्कार उसके पीहर में किया गया। मृतका के एक बेटा व एक बेटी है।

इधर, दहेज प्रताडऩा के मामले में दो भाई गिरफ्तार

बयाना. पुलिस ने दहेज उत्पीडऩ के मामले में दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। झील पुलिस चौकी प्रभारी हीरा सिंह ने बताया कि गांव भिड़ावली निवासी सरोज ने पुलिस में मामला दर्ज कराकर बताया कि वर्ष 2018 में उसकी और उसकी सगी बहन गुड्डन की शादी मांसलपुर थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा राजगढ़ के रहने वाले दो भाइयों सुक्का और भूरी सिंह के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने अपनी हैसियत से अधिक दहेज दिया, मगर ससुरालीजन उससे संतुष्ट नहीं थे। उसके पति दहेज में दो बाइकों की लगातार मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं करने पर पतियों ने दोनों बहनों को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने सुक्का और भूरीसिंह को गिरफ्तार किया है।