10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG Opium Case: चार ट्रैक्टर में भरकर मालखाने भेजे गए 7.88 करोड़ के अफीम के पौधे, BSP में होगा नष्टीकरण

CG Opium Farming: अफीम कांड में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। वहीं चौथे दिन कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्ट भरे अफीम के फसल को मालखाने भेज दिया गया..

2 min read
Google source verification
CG Opium farming case in bhilai durg

7.88 करोड़ के अफीम के फसल की कटाई ( Photo - Patrika )

CG Opium Farming: दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में उजागर हुए अवैध अफीम खेती मामले में प्रशासन ने चौथे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए खेत में खड़ी पूरी फसल की कटाई शुरू करवा दी। जिला प्रशासन और पुलिस की निगरानी में करीब 250 महिला मजदूरों को लगाकर अफीम के पौधों को काटकर एकत्र किया गया। बाद में इन पौधों को चार ट्रैक्टरों में भरकर सेंट्रलाइज्ड मालखाना भेज दिया गया।

CG Opium Farming: पौधों को रखा गया सुरक्षित

अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए पौधों को फिलहाल सुरक्षित रखा गया है। इनके नष्टीकरण के लिए पर्यावरण विभाग से अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अनुमति मिलने के बाद अफीम के पौधों को भिलाई इस्पात संयंत्र या किसी औद्योगिक इकाई के फर्नेस में जलाकर नष्ट किया जाएगा।

दोबारा खेती न हो, इसलिए की जुताई

प्रशासन ने अफीम के पौधे हटाने के बाद खेत में दोबारा अवैध खेती न हो सके, इसके लिए करीब पांच एकड़ 62 डेसिमल जमीन की जुताई कराने का निर्णय लिया है। मंगलवार को पूरे खेत की जुताई कराई जाएगी।

7.88 करोड़ की फसल का हुआ था खुलासा

गौरतलब है कि छह मार्च को समोदा गांव में अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया था। प्रारंभिक जांच में करीब सात करोड़ 88 लाख रुपए की अफीम की खेती होने का अनुमान लगाया गया है। खेत के चारों ओर तारबंदी कर दी गई थी, जिससे आम लोगों का प्रवेश लगभग असंभव था। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।

घटनास्थल पर कराया गया रीक्रिएशन

जांच को आगे बढ़ाते हुए जेवरा-सिरसा चौकी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी विनायक ताम्रकार और विकास विश्नोई को घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम का रीक्रिएशन कराया। इससे पुलिस को अवैध खेती की प्रक्रिया और पूरी साजिश को समझने में मदद मिली।

फरार आरोपी की तलाश में राजस्थान में दबिश

मामले के फरार आरोपी अचला राम जाट की तलाश में पुलिस टीम राजस्थान के जोधपुर रवाना हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी होली मनाने के लिए वहां गया हुआ है। पुलिस का दावा है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नेटवर्क का खुलासा जल्द

एएसपी म​णिशंकर चंद्रा ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को दो दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।