
माता-पिता ने बच्चों की हत्या के बाद की थी आत्महत्या ( Photo - Patrika )
Durg Crime News: मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्य नगर में मई माह में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस जांच पूरी होने के बाद महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि माता-पिता ने पहले अपने दो बच्चों की गला दबाकर हत्या की और इसके बाद अलग-अलग कमरों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि 22 मई को आर्य नगर स्थित एक मकान से गोविंद कुंवर साहू, उनकी पत्नी चंचल साहू, 13 वर्षीय पुत्री दृष्णा साहू और 11 वर्षीय पुत्र यशांक साहू के शव बरामद किए गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू की थी। जांच के दौरान परिजन के बयान, घटनास्थल का निरीक्षण, पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों का परीक्षण किया गया।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों बच्चों की मौत गला दबाने से दम घुटने के कारण होना पाया गया, जबकि माता-पिता की मृत्यु फांसी लगाने से हुई थी। ( Chhattisgarh Crime News ) पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि दम्पती ने आपसी सहमति से पहले दोनों बच्चों की हत्या की और इसके बाद स्वयं आत्महत्या कर ली। जांच के मुताबिक घटना वाली रात परिवार के सभी सदस्यों ने साथ भोजन किया था। अगले दिन सुबह काफी देर तक कमरे नहीं खुलने पर परिजन ने दरवाजा खोला, जहां चारों मृत मिले।
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मृतक गोविंद कुंवर साहू एवं चंचल साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। दोनों आरोपियों के मृत होने के कारण मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा रही है।
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की इस घटना ने क्षेत्रवासियों को स्तब्ध कर दिया था। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले की तस्वीर स्पष्ट हुई है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर पूरे घटनाक्रम का निष्कर्ष निकाला गया है।
मोहन नगर टीआई केशव कोसले ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर जांच पूरी की गई है। जांच में सामने आया है कि बच्चों की मौत गला दबाने से हुई थी, जबकि माता-पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
17 Jun 2026 05:08 pm
Published on:
17 Jun 2026 04:50 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
