13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भिलाई स्टील प्लांट को मिला 14.23 लाख टन रेल पटरी बनाने का मेगा ऑर्डर, मजबूत होगा भारतीय रेलवे का इंफ्रास्ट्रक्चर

Bhilai Steel Plant: भिलाई स्टील प्लांट को भारतीय रेलवे से संयंत्र को 14.23 लाख टन रेल पटरी का एक विशाल मेगा ऑर्डर प्राप्त हुआ है। वहीं 30 हजार टन हेड हार्डन्ड रेल से भारतीय रेलवे का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा..

2 min read
Google source verification
Bhilai Steel Plant, chhattisgarh news

बीएसपी की रेल से रफ्तार पकड़ेगा देश ( Photo - Patrika)

Indian Railway: बीएसपी के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 बड़ी उम्मीदों और संभावनाओं के साथ शुरू हुआ है। भारतीय रेलवे से संयंत्र को 14.23 लाख टन रेल पटरी का एक विशाल मेगा ऑर्डर प्राप्त हुआ है। यह ऑर्डर न केवल बीएसपी (Bhilai Steel Plant) की उत्पादन क्षमता को नई दिशा देगा, बल्कि संयंत्र की लाभप्रदता और सेल की बाजार स्थिति को सुदृढ़ करने में एक संजीवनी की भूमिका निभाएगा।

Chhattisgarh News: रेल मिल से 12 लाख टन उत्पादन

विशेषज्ञों के अनुसार, यह ऑर्डर बीएसपी की उत्पादन इकाइयों को व्यस्त रखने और उनकी क्षमता का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मिले हुए ऑर्डर के अनुसार, बीएसपी की अत्याधुनिक यूनिवर्सल रेल मिल से 12 लाख टन उत्पादन किया जाएगा, जबकि शेष पटरियों का निर्माण रेल स्ट्रक्चरल मिल से होगा। यह तालमेल संयंत्र की कार्यकुशलता को बढ़ाने के साथ-साथ वित्तीय प्रदर्शन में सुधार का मार्ग प्रशस्त करेगा।

30000 टन हेड हार्डन्ड रेल

इस ऑर्डर की एक प्रमुख विशेषता इसमें शामिल 30000 टन हेड हार्डन्ड रेल है। इनका उपयोग विशेष रूप से भारी मालवाहक गाड़ियों और अधिक घनत्व वाले रेल मार्गों पर किया जाता है, जहां सुरक्षा और मजबूती सर्वोपरि होती है। रेलवे से प्राप्त इस नए ऑर्डर ने न केवल बीएसपी की साख पर मुहर लगाई है, बल्कि सेल के महारत्न दर्जे को भी और अधिक मजबूती प्रदान की है। अब संयंत्र प्रबंधन के सामने चुनौती इस विशाल लक्ष्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने की है।

गुणवत्ता ही है रेलवे के भरोसे की बुनियाद

बीएसपी को बार-बार मिलने वाले बड़े ऑर्डरों के पीछे उसकी तकनीकी श्रेष्ठता और गुणवत्ता है। संयंत्र ने रेल स्टील में हाइड्रोजन की मात्रा को 5 पीपीएम से घटाकर मात्र 1.5 पीपीएम तक सीमित करने में कामयाबी हासिल की है, जिससे पटरियों का टिकाऊपन और सुरक्षा मानक कहीं अधिक बढ़ गए हैं। यही कारण है कि भारतीय रेलवे की आधुनिकीकरण योजनाओं में भिलाई आज भी पहली पसंद बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि बीएसपी वर्तमान में विश्व की सबसे लंबी 260 मीटर की सिंगल वेल्डेड रेल पटरी का उत्पादन भी कर रहा है।

वैश्विक स्तर पर धाक

भिलाई स्टील प्लांट न केवल घरेलू जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुका है। संयंत्र अब तक ईरान, बांग्लादेश, दक्षिण कोरिया, तुर्की, मिस्र, अर्जेंटीना, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और मलेशिया समेत कुल 11 देशों को रेल पटरियों का निर्यात कर चुका है।

महाप्रबंधक, संपर्क प्रशासन एवं जनसंपर्क अधिकारी अमूल्य प्रियदर्शी ने बताया कि रेलवे से वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 14,23,332 टन रेल पटरी का ऑर्डर प्राप्त हुआ है, जिसमें 30 हजार टन हेड हार्डन्ड रेल शामिल है।