
ढाई करोड़ का बस डिपो बना बकरियों का चारागाह, खुले मैदान में कंडम हो रही सिटी बसें, चक्के और पाट्र्स भी हो गए चोरी
भिलाई. शहर के जिम्मेदार जनता से वसूले टैक्स की राशि की बर्बादी कैसे करते हैं इसका नमूना देखिए। कलेक्टर की अध्यक्षता वाली दुर्ग भिलाई अरबन पब्लिक सर्विस सोसाइटी ने सिटी बसों के पार्किंग के लिए कादंबरी नगर दुर्ग में बायपास रोड के दक्षिण में करीब ढाई करोड़ की लागत से डिपो /टर्मिनल बनवाया है, लेकिन वहां आज तक एक भी सिटी बस खड़ी नहीं हुई है। पूरा परिसर अवैध गतिवधियों का अड्डा बन गया है। यहां आसपास की बस्ती के चरवाहे रोज अपनी बकरियां चराने ले जाते हैं। ट्विनसिटी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए सिटी बस सेवा शुरू करने के साथ ही बसों के पार्किंग के लिए कोसानाला भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के ठीक सामने और कादंबरी नगर दुर्ग बायपास रोड के दक्षिण में डिपो/ टर्मिनल बनवाया गया है। आज तक दोनों ही डिपो में बसें कभी खड़ी नहीं हुई। सभी बसें आज भी सुपेला चंदूलाल चंद्राकर बस स्टॉप में खुले आसामान के नीचे खड़ी कंडम हो रही हैं। कई बसों के चक्के और पाट्र्स भी चोरी हो गए हैं।
ढाई करोड़ खर्च कर अधूरा छोड़ दिया है
कादंबरी नगर टर्मिनल में बिल्डिंग, नाली, शेड और बाउंड्रीवाल निर्माण में तकरीबन ढाई करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। बसों के पार्किंग के लिए सीमेंट-कांक्रीट का प्लेटफॉर्म, ट्यूबलर पोल, नेशनल हाईवे से डिपो तक डामरीकृत एप्रोच रोड और बनना है। अधूरे निर्माण के कारण इस डिपो की कोई उपयोगिता नहीं रह गई है।
वर्क ऑर्डर के बाद भी ठेकेदार नहीं कर रहा काम
शेष बचे इस कार्य के लिए एक साल पहले निविदा बुलाई गई थी। एसओआर से 10.89 प्रतिशत कम दर पर 1 करोड़ 47 लाख 9 हजार रुपए का यह ठेका मेसर्स वायआर सिंह को दिया गया था। सितंबर 2020 में इसके संविदा निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की गई। 28 नवंबर 2020 को ठेकेदार को इसका कार्यादेश भी जारी कर दिया गया। मगर ठेकेदार ने अभी तक इसका काम शुरू नहीं किया है। बीके देवांगन, समन्वयक दुर्ग भिलाई अरबन पब्लिक सर्विस सोसाइटी ने बताया कि कादंबरी नगर डिपो टर्मिनल के शेष कार्य के लिए ठेकेदार को कार्यादेश जारी हो चुका है। यह काम निगम के संंबंधित जोन से होना है। इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। काम जल्द शुरू होगा।
Published on:
23 Feb 2021 12:52 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
