
Bhilai News: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन की सुरक्षा का मुद्दा सदन में गूंजा। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक उमेश पटेल ने विधायक को मिली कथित जान से मारने की धमकी का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब की मांग की। आसंदी द्वारा तत्काल व्यवस्था देने से इनकार किए जाने पर विपक्षी विधायकों ने हंगामा करते हुए सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया।
शून्यकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस गंभीर मामले पर उन्होंने पहले भी गृहमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया था, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई स्पष्ट वक्तव्य नहीं आया है। विपक्षी विधायकों ने इसे गंभीर विषय बताते हुए सरकार से जवाब देने की मांग की। मामले में भाजपा विधायक रिकेश सेन ने कहा कि पिछले दो वर्षों से उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर राजनीतिक जीवन खत्म करने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदेश की जनता, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और गृह मंत्री विजय शर्मा की कार्यप्रणाली पर पूरा भरोसा है। उन्होंने यह भी कहा कि वे क्षेत्र की जनता के हितों के लिए बिना डरे काम करते रहेंगे और किसी भी साजिश से घबराने वाले नहीं हैं।
करीब एक घंटे बाद विपक्ष ने फिर से इस मुद्दे को उठाया। इस पर संसदीय कार्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि विधायक की सुरक्षा से जुड़े मामले को संज्ञान में ले लिया गया है और आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
Updated on:
12 Mar 2026 01:56 pm
Published on:
12 Mar 2026 01:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
