
RSS की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में छत्तीसगढ़ के रामदत्त चक्रधर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने सह सरकार्यवाह
भिलाई. दुनिया के सबसे बड़े सामाजिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में यहां जिला व विभाग प्रचारक जैसे दायित्वों का निर्वहन करने वाले सोनपुर पाटन निवासी रामदत्त चक्रधर को अब सह सरकार्यवाह की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बेंगलुरु के चेन्नहल्ली स्थित जनसेवा विद्या केंद्र में चल रहे प्रतिनिधि सभा की बैठक के अंतिम दिन शनिवार को नए सरकार्यवाह, सहकार्यवाह एवं अन्य पदों का चुनाव हुआ। संघ की प्रतिनिधि सभा ने सर्वसम्मति से अगले तीन वर्षों के लिए दत्तात्रेय होसबले को सरकार्यवाह चुन लिया। उससे पहले वे सह सरकार्यवाह का दायित्व संभाल रहे थे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में हर तीन साल पर सरकार्यवाह पद का चुनाव होता है। यह संगठन में कार्यकारी पद होता है, जबकि सरसंघचालक का पद मार्गदर्शक का होता है।
तीन साल का होगा कार्यकाल
संघ के नियमित कार्यों के संचालन की जिम्मेदारी सरकार्यवाह की होती है। प्रतिनिधि सभा ने रामदत्त चक्रधर के साथ कृष्णगोपाल, डॉ. मनमोहन वैद्य, मुकुंद और अरूण कुमार को सह सरकार्यवाह का दायित्व सौंपा। अशोक अग्रवाल को क्षेत्र कार्यवाह, हेमंत मुक्तिबोध को सह क्षेत्र कार्यवाह और अशोक पोरवाल को सह क्षेत्र प्रचारक की जिम्मेदारी दी गई है। स्वप्रिल कुलकर्णी को मध्य भारत प्रांत प्रचारक और विमल गुप्ता को मध्य भारत सह प्रांत प्रचारक बनाया गया है। सभी पदाधिकारियों का कार्यकाल तीन साल का रहेगा। सरकार्य का चुनाव आमतौर पर नागपुर में होता है, लेकिन महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण पहली बार नागपुर से बाहर बेंगलुरू में यह बैठक हुई है।
दुर्ग जिला प्रचारक रहे हैं सोनुपर के रहने वाले रामदत्त
रामदत्त चक्रधर पाटन के पास ग्राम सोनुपर के रहने वाले हैं। उन्होंने दुर्ग साइंस कॉलेज से एमएसएसी गणित की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की है। वे सबसे पहले 1985 में राजनांदगांव के जिला प्रचारक बने। इसके बाद दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर में विभाग प्रचारक का दायित्व संभाला। पश्चात उन्हें पहले मध्य क्षेत्र (मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़) के सह क्षेत्र प्रचारक और बाद में क्षेत्र प्रचारक की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद से वे पटना मुख्यालय से उत्तर-पूर्वी क्षेत्र (बिहार-झारखंड) के क्षेत्र प्रचारक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
Published on:
21 Mar 2021 01:12 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
