18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

NEET Re Exam 2026: 21 जून को नीट री-एग्जाम, भिलाई के 19 परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू, ऑनलाइन होगी निगरानी

NEET 2026 Re Exam Update: 21 जून को होने वाले NEET री-एग्जाम को लेकर भिलाई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 19 परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी और कंट्रोल रूम से ऑनलाइन निगरानी की जाएगी।

2 min read
Google source verification

भिलाई

image

Love Sonkar

Jun 18, 2026

NEET Re Exam 2026

21 जून को नीट री-एग्जाम (Photo Patrika)

NEET UG Re Exam Bhilai: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) के री-एग्जाम को लेकर दुर्ग जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह ने परीक्षा दिवस पर जिले के सभी 19 परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-144 लागू करने के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत परीक्षा समाप्ति तक केंद्रों के आसपास भीड़ जुटाने, प्रचार-प्रसार और अस्थायी शिविर लगाने पर रोक रहेगी।

NEET Exam Security: 200 मीटर दायरे में भीड़ एकत्र नहीं होगी

आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में किसी भी प्रकार की अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं हो सकेगी। कोचिंग संस्थान, शैक्षणिक मार्गदर्शन केंद्र, पुस्तक विक्रेता और अन्य व्यक्ति परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्चे, पंपलेट अथवा अन्य प्रचार सामग्री का वितरण नहीं कर सकेंगे। टेंट, टेबल कुर्सी लगाकर किसी प्रकार के स्टॉल की भी अनुमति नहीं होगी।

500 मीटर तक साइलेंस जोन

परीक्षार्थियों को शांत वातावरण उपलब्ध कराने के लिए परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक लाउडस्पीकर, डीजे, धमाल और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है।

कंट्रोल रूम से रखी जाएगी नजर

परीक्षा के दौरान सभी 19 केंद्रों की गतिविधियों पर पुलिस कंट्रोल रूम से निगरानी रखी जाएगी। कंट्रोल रूम को अस्थायी रूप से नीट मॉनिटरिंग सेंटर का स्वरूप दिया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि पेट्रोलिंग टीमें लगातार निगरानी करती रहेंगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

कोचिंग हब और हॉस्टलों में पहुंच रही पुलिस

पिछले वर्ष नीट परीक्षा को लेकर सामने आए विवादों और पेपर लीक की आशंकाओं को देखते हुए पुलिस कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और पीजी में जाकर छात्रों से संवाद कर रही है। भिलाई के सिविक सेंटर, सेक्टर-10 और अन्य प्रमुख कोचिंग हब विशेष निगरानी में हैं। सादा वर्दी में पुलिसकर्मी छात्रों से यह भी जानकारी जुटा रहे हैं कि सोशल मीडिया पर कोई संदिग्ध पेपर, लिंक या भ्रामक संदेश तो प्रसारित नहीं हो रहा। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से अपील की है कि यदि किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर परीक्षा से जुड़ा कोई संदिग्ध दस्तावेज, प्रश्नपत्र, लिंक अथवा अफवाह दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

री-एग्जाम को लेकर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-144 लागू रहेगी और परीक्षा को प्रशासन तथा पुलिस के तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
मणिशंकर चंद्रा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक