ऊपर हिस्से में रहने वाले भी परेशान,
भिलाई. सेक्टर-4 क्षेत्र के सभी आवासों में अभी भी पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हुई है। ऊपर के आवासों को छोड़ो ग्राऊंड फ्लोर में रहने वाले भी पानी के लिए तरस रहे हैं। विभाग अभी भी अलग-अलग सड़कों के लिए जाने वाले पाइप लाइन को तलाश करने में जुटा है। आशंका है कि उच्च स्तरीय पानी टंकी ढहने के दौरान पाइप लाइन डैमेज हो गई है। इस वजह से सभी सड़कों में पानी आना शुरू नहीं हुआ है। अब उस पाइप लाइन की तलाश की जा रही है, ताकि उसका संधारण किया जा सके।
हालात नहीं सुधरे तो छोड़ देंगे सेक्टर-4
सेक्टर-4 में नीचे के आवासों में रहने वाले बीएसपी कर्मी टंकी ढहने के बाद से पानी के लिए हलाकान हो रहे हैं। सेक्टर-4 में नीचे आवासों में रहने वालों के कुछ मकानों में पानी आने लगा है। वह भी कम फोर्स से आ रहा है। वहीं दूसरी ओर कुछ मकानों में पानी नहीं आ रहा है। वे ड्यूटी से आने के बाद पानी के लिए इधर-उधर दौड़ लगाते हैं, निगम के टैंकर बुलवाते हैं। तब घर का काम शुरू होता है। हालात में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो कुछ संयंत्र कर्मी, सेक्टर-4 से मकान छोडऩे का मन भी बना रहे हैं। ऐसे में नगर सेवाएं विभाग को दूसरे सेक्टरों में मकान तैयार रखना होगा।
ऊपर रहने वालों ने एकत्र किया है पानी
सेक्टर-4 में पहली मंजिल में करीब 580 परिवार निवास करता है। इन आवासों तक पानी पहुंचाने का नगर सेवाएं विभाग के अधिकारियों ने लक्ष्य रखा है। वर्तमान में ऊपर के आवासों में रहने वाला परिवार टैंकर आने पर ड्रम से लेकर बाल्टी समेत छोटे-छोटे बर्तन में पानी एकत्र करके रख रहा है।
पानी नहीं आ रहा ऊपर घरों में
सावित्री, निवासी सेक्टर-4, टाउनशिप ने बताया कि सेक्टर-4 के ऊपर घरों में पानी नहीं आ रहा है। इसकी वजह से परेशानी हो रही है। टैंकर के पानी से ही गुजारा हो रहा है।
पानी ऊपर लेकर जाने में होती है दिक्कत
रानी, निवासी सेक्टर-4, टाउनशिप ने बताया कि ऊपर के मकान में रहते हैं। दैनिक उपयोग के लिए पानी ऊपर लेकर जाने में खासी परेशानी हो रही है। सभी की यह शिकायत है।
बीएसपी जल्द करे इंतजाम
राजीव कुमार, निवासी सेक्टर-4, टाउनशिप ने बताया कि सेक्टर-4 में रहने वाले हर घर में पानी पहुंच सके। ऐसा इंतजाम जल्द बीएसपी प्रबंधन करवाए। टैंकर से कब तक लोग भरेंगे पानी।
नीचे घर में भी नहीं आ रहा पानी
दिलेश कुमार, निवासी सेक्टर-4, टाउनशिप ने बताया कि सेक्टर-4 के नीचे आवास में भी पानी नहीं आ रहा है। ड्यूटी करने के बाद पानी के लिए भागना पड़ता है। परिवार भी परेशान हो रहा है।