
3600 bottles of water Seized in bhilwara
हमीरगढ़।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को चित्तौडग़ढ़ रोड के खैराबाद में मिनरल वाटर फैक्ट्री पर दबिश दी, जहांं आईएसआई मार्का लगाकर पानी की बोतल तैयार की जा रही थी। यहां से 3600 पानी की पैक बोतल को सीज कर फैक्ट्री का कामकाज बंद करवाया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेसी जीनगर को सूचना मिली कि खैराबाद में सगस ब्रेवरेज मिनरल वाटर फैक्ट्री में नियम विरूद्ध पानी की बोतल पर आईएसआई मार्का लगाकर बेचा जा रहा है। जीनगर व डिप्टी सीएमएचओ डॉ. घनश्याम चावला व खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद चौधरी की अगुवाई में टीम वहां गई तो आईएसआई मार्का वाली सरोवर नामक पानी की बोतल बनाकर बेची जा रही थी। तलाशी में 3600 पैक बोतल मिली। इसमें आईएसआई मार्का लगा था।
बोतलें सीज कर फैक्ट्री का काम बंद करा दिया व संचालक राजेन्द्र समदानी को पाबंद किया। इसकी सूचना भारतीय मानक ब्यूरो जयपुर को दी है। साथ ही नमूना जांच के वास्ते जयपुर भेजेंगे। जीनगर ने बताया कि मई-2017 में ही फैक्ट्री के पास आईएसआई मार्का का रजिस्टे्रशन खत्म हो गया था। उसके बाद नवीनीकरण ही नहीं कराया। संचालक ने अधिक फीस लगने के कारण एेसा नहीं करना बताया।
दी थी हिदायत, हलके में लिया
सीएमएचओ जीनगर ने बताया कि मानक ब्यूरो के दो निरीक्षकों ने गत साल फैक्ट्री का दौरा कर संचालक को हिदायत दी थी कि वह आईएसआई का मार्का लगाकर बोतल ना बेचे। इस हिदायत को संचालक ने हलके में लिया। उसके बाद भी वह बदस्तूर बोतलों पर आईएसआई मार्का लगाकर बेचता रहा।
Published on:
02 Nov 2018 12:42 am
