
Bhilwara Dairy's big decision: Milk purchase rate increased by 60 rupees per kg fat
भीलवाड़ा जिले के 48 हजार से अधिक पशुपालकों के लिए राहत की खबर है। भीलवाड़ा डेयरी संचालक मंडल की 171वीं बैठक में दूध खरीद दर बढ़ाने का निर्णय लिया है। बैठक की अध्यक्षता संचालक मंडल सदस्य मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने की। साथ ही दूध में मिलावट रोकने के लिए 40 नई अत्याधुनिक मशीनें खरीदने, समितियों में सौर ऊर्जा लगाने और आइसक्रीम विक्रेताओं को प्रोत्साहन राशि देने जैसे अहम प्रस्ताव भी पारित हुए।
16 सितंबर से बढ़ी दरें लागू
डेयरी प्रबंध निदेशक बिमल कुमार पाठक ने बताया कि दूध खरीद की दर 60 रुपए प्रति किलो फैट से बढ़ाई है। अभी तक 820 रुपए प्रति किलो फैट से दूध की खरीद हो रही थी। अब 880 रुपए प्रति किलो फैट से खरीद होगी। नई दरें 16 सितंबर से लागू होंगी। जिले के 48 हजार पशुपालकों को सीधा आर्थिक लाभ होगा। जिले की 360 बीएमसी में 5 किलोवाट क्षमता का सोलर एनर्जी सिस्टम लगाया जाएगा। इस पर 8 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इससे समितियों को बिजली के बिल से मुक्ति मिलेगी और संचालन लागत कम होगी। बैठक में तय किया कि वित्त वर्ष 2025-26 में डेयरी संघ 35 करोड़ का अल्पकालीन ऋण लेगा। ऋण से दूध खरीद के समय किसानों को भुगतान में अड़चन नहीं आएगी।
मिलावट पर सख्ती : 40 नई मशीनें
दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए डेयरी 40 नई फूरियर-ट्रांसफॉर्म इन्फ्रारेड मशीनें खरीदेगी। इसकी लागत 2 करोड़ आएगी। पहले से 350 मशीनें समितियों में लगी है। मशीनें दूध में मिलावट जैसे पानी, यूरिया, शक्कर, स्टार्च आदि का तुरंत पता लगा लेंगी। साथ ही दूध में मौजूद वसा, प्रोटीन और लैक्टोज जैसे घटकों का भी विश्लेषण करेंगी। बैठक में भीलवाडा दुग्ध संघ के कार्यक्षेत्र में संचालित शहरी व ग्रामीण सब रिटेलर योजना की अवधि को एक अप्रेल 2026 से एक वर्ष के लिए बढ़ाया है। डेयरी की ओर से आईसक्रीम विक्रय पर डीलरों को देय प्रोत्साहन राशि योजना में नियुक्त सभी वितरकों को वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2027-28 तक बढाए जाने का प्रस्ताव पारित किया। बैठक में सभी संचालक मंडल सदस्य मौजूद थे।
Published on:
13 Sept 2025 09:30 am
