
जिस ट्रेन में सफर, उसी के आगे लगाई छलांग
भीलवाड़ा. चित्तौड़गढ़
चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया रेलवे स्टेशन पर शनिवार को भीलवाड़ा जिले के कपड़ा व्यवसायी ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। व्यवसायी इसी ट्रेन में सवार थे। घटना के पीछे सम्पति विवाद की बात सामने आ रही है।
रेलवे थाना चित्तौडग़ढ़ के प्रभारी दिलीपसिंह ने बताया कि भीलवाड़ा के करेड़ा निवासी कपड़ा व्यवसायी मनोहरलाल (77) पुत्र गेहरीलाल जैन पुत्र से मिलने मध्यप्रदेश के नेपानगर गए थे। वे भोपाल-जयपुर ट्रेन में भीलवाड़ा जा रहे थे। शनिवार सुबह ट्रेन जब चंदेरिया स्टेशन पहुंची तो मनोहरलाल ट्रेन से उतर गए और ट्रेन रवाना होते समय ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर रेलवे थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने व्यापारी की जेब में मिले परिचय पत्र के आधार पर शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। रेलवे थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि परिवार में सम्पति का विवाद चल रहा था और इसी के चलते मनोहरलाल परेशान थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
Updated on:
30 Jul 2022 11:34 pm
Published on:
30 Jul 2022 11:34 pm
