
bhilwara.... rajasthan ka ran
भीलवाड़ा।
जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा टिकट के दावेदारों की रायशुमारी रविवार को जयपुर में हुई। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी समेत कई नेताओं की मौजूदगी में हुई रायशुमारी में मुख्यत: नए चेहरों को मौका देने की मांग उठी। कार्यकर्ता-पदाधिकारियों से पूछा गया कि पार्टी को जीत दिलाने का उनका फंडा क्या रहेगा और कैसे इसे अंजाम देंगे। यह सवाल भी किया गया हकि क्षेत्र के मतदाता भाजपा को ही वोट क्यों देंं। यह भी जाना गया कि सरकार ने कल्याणकारी योजना के जरिए क्षेत्र में जरूरतमंदों कितना भला किया। दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने जिले में हुए विकास कार्यों को गिनाया और कहा कि भीलवाड़ा में मेडिकल कॉलेज, चम्बल का पानी, सीवरेज प्लांट, भाजपा सरकार की ही सबसे बड़ी देन है। फीडबेक के दौरान पांच विधानसभा क्षेत्रों से मौजूदा विधायकों के बजाए नए प्रत्याशी को मौका देने की बात उठी।
जिला भाजपा के नजरिए से चुनाव को लेकर रविवार को जयपुर अभी तक की यह सबसे बड़ी बैठक रही। सातों विधानसभा क्षेत्रों से 250 कार्यकर्ता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व टिकट के दावेदार गए। सुबह साढ़े दस बजे शुरू हुई बैठकों का दौर दोपहर दो बजे तक चला। पहली बैठक में प्रदेश नेतृत्व ने टिकट के दावेदारों को हाथ उठाने को कहा। जिन पदाधिकारियों ने हाथ उठाए, उनके साथ अलग बैठकें की गई।
ये किए सवाल
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की फीडबेक बैठक अलग हुई। इसमें टिकट के दावेदारों को शामिल नहीं किया गया। संगठन को बढ़ावा देने, चुनावी रणनीति बनाने, विधायक की भूमिका, जनता की उनके बारे में राय फीडबैक पर्ची में ली गर्ई।
- विधायक को बदला जाए या नहीं?
-जिला संगठन कैसे काम कर रहा है, जिला नेतृत्व कितना मजबूत है?
- आइटी सेल सोशल मीडिया पर कितना सक्रिय है, कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर संगठन के लिए कितना कार्य करता है?
- किस तरह के प्रत्याशी होने चाहिए
- क्षेत्र में वरिष्ठ पदाधिकारी सक्रिय हैं या नहीं?
- महिला संगठन की भूमिका क्या है?
राजे व सैनी ने दी सीख
रायशुमारी में फीडबेक बैठक से पहले मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष समेत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी. सतीश तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, मंत्री राजेंद्र राठौड़, गुलाबचंद कटारिया, यूनुस खान, अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश प्रवक्ता सतीश पूनिया आदि मौजूद रहे।
जिताना है भाजपा
बैठक में राजे, सैनी, वी सतीश ने जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों को सम्बोधित किया और कहा कि सब को मिलकर भाजपा को जिताना है। इसके बाद सभी विधानसभा की अलग-अलग बैठक हुई। भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र की बैठक वी सतीश राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और अरुण चतुर्वेदी ने बैठक ली।
मन की बात जानी
जहाजपुर विधानसभा की बैठक प्रदेश अध्यक्ष सैनी और यूनुस खान, मांडल की बैठक सीआर चौधरी व राजेंद्र राठौड़, सहाड़ा की अर्जुनराम मेघवाल व गुलाबचंद कटारिया, शाहपुरा क्षेत्र की बैठक ओम माथुर व गजेंद्रसिंह शेखावत, मांडलगढ़ विधानसभा की मुख्यमंत्री राजे व प्रदेश प्रभारी राजस्थान अविनाश रॉय खन्ना, आसींद की बैठक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष परनामी व प्रदेश प्रवक्ता पूनिया ने ली। बैठक में भाजपा की सील लगे पेपर पर तीन-तीन नाम एवं सुझाव मांगे गए।
ये पहुंचे जिले से
भाजपा जिला संगठन प्रभारी पुखराज पहाडिय़ा, जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड, सांसद सुभाष बहेडिय़ा, विधायक कैलाश मेघवाल, कालूलाल गुर्जर, विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी, विधायक बालूराम चौधरी, विधायक रामलाल गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष दामोदर अग्रवाल, पदाधिकारी कल्पेश चौधरी, रोशन मेघवंशी व राकेश ओझा समेत जिला उपाध्यक्ष, जिला मंत्री, कोषाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, निवर्तमान अध्यक्ष, वर्तमान व पूर्व प्रधान आदि।
इन्होंने जताई दावेदारी
भीलवाड़ा- जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड, विधायक विट्ठल अवस्थी, दामोदर अग्रवाल, राकेश ओझा, गोपाल खंडेलवाल, दिनेश शर्मा व तुलसीराम शर्मा।
आसीन्द- विधायाक रामलाल गुर्जर, शक्तिसिंह कालियास, तेजवीर सिंह व धनराज गुर्जर।
जहाजपुर- शिवजीराम मीणा, महेन्द्र मीणा, शिवजीराम कस्टम, गोपी मीणा, रामप्रसाद टांक, गोपी मीणा व उत्छबलाल सोनी
मांडल- मुख्य सचेतक कालूलाल गुर्जर, उदयलाल भडाणा, मणिराज सिंह, रामेश्वर जाट व मेवाराम गुर्जर।
शाहपुरा- विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल, रोशन मेघवंशी, शिवप्रकाश डिडवाणिया, राजमल खिंची, वेदप्रकाश खटीक व अविनाश जीनगर।
सहाड़ा- विधायक बीआर चौधरी, रतनलालजाट, रूप लाल जाट, चांवड सिंह, कैलाश मेहता, लादूलाल पीतलिया।
मांडलगढ़- जिला प्रमुख शक्तिसिंह हाडा, यूआइटी चेयरमैन गोपाल खंडेलवाल, बद्रीप्रसाद गुरुजी, विनोद ओस्तवाल, घनश्याम कंवर व ओम विजयवर्गीय।
वरिष्ठ विधायक बोले, जनाधार हमारे साथ
प्रदेश नेतृत्व ने विधानसभा अध्यक्ष मेघवाल व मुख्य सचेतक गुर्जर से कहा कि प्रदेश में पांच वरिष्ठ विधायकों ने उम्र के आधार पर चुनाव नहीं लडऩे व युवाओं को मौका देने की बात कही है। आप क्या कहते हैं। इस पर उनका कहना था कि वे अंतिम बार चुनाव लडऩा चाहते हैं और जनाधार उनके साथ है।
क्यों दें आपको टिकट?
दावेदारों से पूछा गया कि वे चुनाव क्यों लडऩा चाहते हैं। इस पर दावेदारों ने सबसे बड़ा आधार जातीय समीकरण उनके पक्ष में बताया। विधायकों ने क्षेत्र में सक्रिय रहने और विकास कार्य करवाने की बात कही। अधिकांश ने जातीय पक्ष, क्षेत्र में पकड़, सामाजिक आयोजनों भागीदारी व सामाजिक सरोकार से जुड़े होने की बात कही।
Published on:
22 Oct 2018 02:07 am
