
Brother and sister die of electric current in sports
भीलवाड़ा । गंगापुर क्षेत्र में सालेरा पंचायत के रोड़ा का खेड़ा में रविवार को हृदय विदारक घटना हुई। बिजली के खंबे के स्पोर्ट वायर में आ रहे करंट ने भाई-बहन की जान ले ली।
दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे कि वायर के करंट की चपेट में आ गए। मौके पर ही मौत हो गई और वहां कोहराम मच गया।
घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गंगापुर पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंपे। पुलिस के अनुसार सालेरा निवासी भैरूलाल भील की आठ साल की बेटी इन्द्रा व पांच साल का बेटा महेन्द्र सुबह घर के बाहर खेल रहे थे। घर के निकट विद्युत पोल है।
पोल के स्पोर्ट वायर में करंट आ रहा था। खेलते हुए भाई-बहन का हाथ इस वायर को छू गया। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग आए। अफरा-तफरी मच गई। दोनों बच्चों को पोल से अलग कर गंगापुर अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सक ने मृत बताया। पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
ग्रामीणों ने अजमेर डिस्कॉम के अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना था कि विद्युत पोल में करंट आने की कई बार शिकायत की लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। समय रहते सुधार देते तो हादसा नहीं होता। ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा किया। सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और पोल में मरम्मत का काम शुरू हुआ। पुलिस ने समझाइश करके ग्रामीणों को शांत किया।
Updated on:
24 May 2021 11:28 am
Published on:
24 May 2021 11:28 am
